श्मशान घाट में देर रात पहुंचे तीन संदिग्ध, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

News:-129

पिरान कलियर। मेहवड़ कलां गांव में रुड़की रोड के पास स्थित श्मशान घाट पर देर रात तीन संदिग्ध व्यक्तियों के पहुंचने से ग्रामीणों में हलचल मच गई। ग्रामीणों ने तीनों को मौके पर पकड़ लिया और सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार देर शाम ग्रामीणों ने श्मशान घाट परिसर में तीन लोगों को संदिग्ध परिस्थितियों में देखा। ग्रामीणों का कहना है कि तीनों किसी तांत्रिक क्रिया के लिए वहां पहुंचे थे। इसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तीनों को पकड़ लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अपने कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई।

ग्रामीणों ने तंत्र-मंत्र किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को मामले की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि तीनों के पास से कुछ सामग्री भी मिली है, जिसे ग्रामीण तांत्रिक क्रिया में इस्तेमाल होने की बात कह रहे हैं। हालांकि बरामद सामग्री का वास्तविक इस्तेमाल क्या था और तीनों वहां किस उद्देश्य से पहुंचे थे, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

एसएसआई रमेश सैनी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर तीन संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।