News129:-पिरान कलियर
पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले में सफाई व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि रुड़की नगर निगम के सफाई ठेकेदार की ओर से मेला क्षेत्र में छोटे-छोटे नाबालिग बच्चों से सफाई का काम कराया जा रहा है। बच्चों से सफाई करवाए जाने की तस्वीरें सामने आने के बाद ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
उर्स के दौरान सफाई व्यवस्था के लिए लाखों रुपये का ठेका दिए जाने के बावजूद पूरे मेला क्षेत्र में जगह-जगह गंदगी और कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों और आस्थावान जायरीनों का आरोप है कि सफाई व्यवस्था इस बार पूरी तरह चरमरा गई है और ठेकेदार की ओर से मानकों के अनुरूप काम नहीं कराया जा रहा है।
आस्थावान लोगों ने जिलाधिकारी हरिद्वार और रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ से मामले का संज्ञान लेकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने कहा कि नाबालिग बच्चों से सफाई कराने के मामले की जांच कराई जाए और सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर ठेकेदार का दरगाह से होने वाला भुगतान रोका जाए। साथ ही संबंधित विभाग से विभागीय कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई है।