30 लाख से ज्यादा खर्च, फिर भी कूड़े के ढेर! सफाई ठेकेदार के भुगतान पर रोक की मांग

News 129:-पिरान कलियर:-

पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर निगम रुड़की के माध्यम से सफाई का जिम्मा संभाल रहे ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए नगर पंचायत पिरान कलियर के वार्ड नंबर तीन के सभासद नाजिम त्यागी ने जिलाधिकारी हरिद्वार को पत्र भेजकर ठेकेदार के भुगतान पर तत्काल रोक लगाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

सभासद नाजिम त्यागी ने पत्र में कहा कि उर्स के दौरान मेला क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर, गंदगी, नालियों से बहता गंदा पानी और सड़क किनारे कूड़ा-मलबा दिखाई देता रहा। इससे देशभर से पहुंचे जायरीनों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था के नाम पर 30 लाख रुपये से अधिक खर्च होने की बात सामने आ रही है, लेकिन इसके बावजूद धरातल पर व्यवस्था संतोषजनक नजर नहीं आई।

नाजिम त्यागी ने दरगाह साबिर पाक के साथ दरगाह इमाम साहब और दरगाह कीलकिली साहब मेला क्षेत्र में भी सफाई व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लाखों जायरीनों की मौजूदगी वाले धार्मिक आयोजन में सफाई में लापरवाही गंभीर मामला है और इससे संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है।भुगतान से पहले हो भौतिक सत्यापनसभासद ने जिलाधिकारी से मांग की कि टेंडर की शर्तों के अनुसार ठेकेदार द्वारा कराए गए कार्य का भौतिक सत्यापन कराया जाए और जांच पूरी होने तक भुगतान रोका जाए।

यदि जांच में लापरवाही या मानकों की अनदेखी सामने आती है तो ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जरूरत पड़ने पर ब्लैकलिस्ट किया जाए।नाजिम त्यागी ने उर्स के दौरान सफाई व्यवस्था पर खर्च की गई धनराशि और कराए गए कार्यों का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई है।

उनका कहना है कि दरगाह की धनराशि के इस्तेमाल में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। अब इस पत्र के बाद सफाई व्यवस्था और ठेकेदार के काम की गुणवत्ता को लेकर प्रशासनिक जांच पर लोगों की नजर टिकी है।