Haridwar News अफसर बोले अतिक्रमण हटाओ, व्यापारी बोले अफसर को हटाओ, क्यों हुआ विवाद, देखें वीडियो

उप नगर आयुक्त और सफाई निरीक्षक के साथ अभद्रता का आरोप

विरोध में डाला कूड़ा, व्यापारियों ने किया बाजार बंद, शाम को बनी आम सहमति, दोनों पक्ष पीछे हटे

डीएम बोले अतिक्रमण अभियान से कोई समझौता नहीं

हरिद्वार में मंगलवार को चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान व्यापारियों और नगर निगम अधिकारियों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद बाजार बंद करने तक की नौबत आ गई। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं और पुलिस को तहरीर भी दी गई है।

सूचना के अनुसार नगर निगम, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा भीमगोड़ा बैरियर से अपर रोड तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा था। अभियान शुरू होने से पहले संबंधित स्थलों की फोटोग्राफी कराई गई थी और उन्हीं तस्वीरों के आधार पर सड़क पर अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही थी।

नगर निगम का कहना है कि करीब 20-25 व्यापारियों के चालान करने के बाद टीम अपर रोड स्थित अमृतसरी वैष्णव भोजालय के पास पहुंची, जहां एक जनरेटर नाली की सीमा से बाहर सड़क पर रखा मिला। निगम के अनुसार जनरेटर सड़क पर रखे जाने के वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध हैं।

आरोप है कि जब नगर निगम की टीम ने उक्त अतिक्रमण के संबंध में चालानी कार्रवाई शुरू की तो संबंधित प्रतिष्ठान के स्वामी ने उप नगर आयुक्त के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की की। वहीं चालानी कार्रवाई कर रहे सफाई निरीक्षक विनय कुमार का गिरेबान पकड़कर उनके साथ भी अभद्रता की गई। नगर निगम ने इस घटना के वीडियो साक्ष्य होने का दावा किया है।

दूसरी ओर व्यापारियों का आरोप है कि विवाद के बाद नगर निगम कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप एक व्यापारी नेता की दुकान के सामने कूड़ा डाल दिया, जिसके विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया। व्यापारियों ने संबंधित अधिकारी के निलंबन की मांग भी उठाई है। व्यापारियों का आरोप है कि सहयोग के बाद भी अफसर हरधर्मिता कर रहे थे जिससे विवाद हुआ।

घटना के बाद नगर निगम की ओर से कोतवाली में तहरीर देकर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, अभद्रता और धक्का-मुक्की की शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं व्यापारियों ने भी अपनी शिकायत प्रशासन को सौंपी है।

देर शाम प्रशासन की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी, जिसके बाद नगर निगम ने दुकान के सामने डाला गया कूड़ा हटाया और व्यापारियों ने बाजार खोल दिया। प्रशासन ने पूरे मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए फिलहाल विवाद को शांत करा दिया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।