पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई विवाहिता के पति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

NSG:-news129

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई एक विवाहिता के पति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद परीक्षा केंद्र के बाहर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया।

मृतक की पत्नी ने अपने ही भाई पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उसके भाई ने उसके पति के सिर में सटाकर गोली मारी है। बताया जा रहा है कि युवती ने करीब चार महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाहिता पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्र पहुंची थी। उसका पति भी उसके साथ आया हुआ था। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम विवाह के बाद चली आ रही रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

मृतक की पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।