हरिद्वार : ग्राम चौकीदार नेटवर्क को फिर से किया गया सक्रिय, हर गतिविधि पर रखेंगे नज़र

एनएसजी : भगवानपुर। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भगवानपुर कोतवाल रितेश साह ने एक अभिनव पहल की है। लंबे समय से शिथिल पड़े ग्राम चौकीदार नेटवर्क को पुनः सक्रिय करते हुए उसे मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

कोतवाल रितेश साह ने ग्राम चौकीदारों के साथ बैठक कर उन्हें क्षेत्र में सतर्क निगरानी रखने और विभिन्न प्रकार की आपराधिक गतिविधियों की सूचना समय पर पुलिस को देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पूर्व में ग्राम चौकीदारों का नेटवर्क अत्यंत कारगर साबित होता था, जिसे अब दोबारा प्रभावी बनाया जा रहा है।

इन बिंदुओं पर विशेष फोकस रहेगा:

  • क्षेत्र में चल रहे जमीनी विवादों की जानकारी
  • गौकशी से संबंधित गतिविधियों पर नजर
  • मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना
  • हत्या, बलवा या अन्य घटनाओं को लेकर चल रही आपसी रंजिश
  • मिश्रित आबादी वाले गांवों में जातीय व सांप्रदायिक तनाव की जानकारी
  • अन्य किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना

कोतवाल ने स्पष्ट किया कि जो ग्राम चौकीदार इन बिंदुओं पर महत्वपूर्ण और लाभप्रद सूचना उपलब्ध कराएंगे, उनके नाम प्रोत्साहन हेतु उच्च अधिकारियों को भेजे जाएंगे। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि यदि किसी चौकीदार की इन गतिविधियों में संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस पहल से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।