कुणाल दरगन।
हरिद्वार के मंगलौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बुर्जुग महिला रिहाना की हत्या का खुलासा करते हुए उसकी बहन के बेटे की पत्नी और पत्नी के आशिक को गिरफ्तार किया है। रिहाना ने पत्नी और उसके प्रेमी को जिस्मानी संबंध बनाते हुए देख लिया था, इसके बाद पत्नी ने अपने प्रेमी के जरिए रिहाना की हत्या करवा दी। पुलिस के लिए ये खुलासा टेढ़ी खीर था और एक महीने की जांच पड़ताल के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया।
————
क्या था मामला
सीओ मंगलौर अभय सिंह ने बताया कि रिहाना की एक बहन सुल्तानपुर में रहती है और उसके एक बेटे की बहू इसराना के संबंध गांव में चाट बेचने आने वाले यूपी के एक युवक अशरफ निवासी मउ, उत्तर प्रदेश से दोस्ती हो गई थी। युवक अक्सर घर में इसराना से अवैध संबंध बनाने आता था। हालांकि इसराना तीन बच्चों की मां है और उसका प्रेमी अशरफ भी शादीशुदा है। 29 नवंबर को रिहाना अपनी बहन के घर सुल्तानपुर गई थी, जहां रिहाना ने इसराना और अशरफ को अवैध संबंध बनाते हुए देख लिया था। तब रिहाना चुप रही और अगले दिन अपने घर की ओर चल दी। इसराना को ये शक था कि उसकी रिहाना उसका राज खोल देगी। इसलिए इसराना ने अशरफ को रिहाना की हत्या करने के लिए बोल दिया और इसराना ने रिहाना के अगले दिन घर से जाने के बारे में भी जानकारी दी।
अशरफ ने दो दिसंबर को रास्ते में रिहाना को लिफ्ट देने के बहाने अपनी बाइक पर बिठा लिया और गन्ने के खेत में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस को शव मिला लेकिन कोई ठोस सबूत या जानकारी नही मिल पाई। एक माह तक जांच के बाद भी कुछ हासिल नहीं हुआ। इसके बाद पूरे परिवार की कॉल डिटेल निकाली गई और इसमें इसराना और अशरफ की बातचीत के बारे में पता चला।
—————
अशरफ की दूसरी महिला मित्र ने खोला राज
वहीं अशरफ के बारे में उसकी दूसरी महिला मित्र ने कई अहम जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने अशरफ और इसराना से पूछताछ की तो दोनों ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।