noted saint accuse bjp leader in haridwar

संत को प्रताडित कर रहा है भाजपा नेता, पीएम मोदी से है संत का ये कनेक्शन

चंद्रशेखर जोशी।
हरिद्वार के नामी संत ने भाजपा नेता पर प्रताडित कर उनका आश्रम कब्जाने और जबरन धन उगाहने का आरोप लगाया है। प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकार वार्ता कर संत ने ये आरोप लगाए हैं। गुजरात आश्रम भूपतवाला के परमाध्यक्ष स्वामी दिव्यानंद महाराज ऋषिकेश स्थित स्वामी दयानंद महाराज के शिष्य हैं, जिनके आश्रम में पीएम नरेंद्र मोदी सहित कई बडी ​हस्तियां आ चुके हैं।
स्वामी दिव्यानंद जिस भाजपा नेता पर आरोप लगा रहे हैं उसका नाम है विदि​त शर्मा। युवा मोर्चे में कई जिम्मेदारी निभाने के बाद इस बार विदित की माता भाजपा के टिकट से पार्षद बनी है। आरोप है कि विदित शर्मा अपनी राजनीतिक पहुंच का लाभ ​उठाकर संत स्वामी दिव्यानंद महाराज को परेशान कर रहा है। भाजपा नेता पर प्रताड़ित करने और आश्रम कब्जाने के प्रयास का आरोप लगाया
दिव्यानन्द महाराज ने अपने ऊपर हुए जानलेवा हमला कराने के पीछे भी भाजपा के नेता और उसके समर्थकों का हाथ होने का आरोप लगाया। आपको बता दें कि स्वामी दिव्यानन्द महाराज के ऊपर तीन दिन पहले महिला के कपड़े फाड़ने और मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। पत्रकार वार्ता के दौरान स्वामी दिव्यानन्द महाराज ने बताया कि मेरे साथ विदित शर्मा के कहने पर मारपीट की गयी। जब वे मुकद्मा दर्ज कराने पहुंचे तो पुलिस ने मुकद्मा दर्ज करने से इंकार कर दिया। उन्होंने बताया कि 2016 से विदित शर्मा उन्हें लगातार परेशान कर रहा है। उनके एक आश्रम पर कब्जा करने का प्रयास करता है। उन्होंने बताया कि 2016-17 में सामाजिक कार्य के लिए विदित शर्मा ने आश्रम के एक कमरे को लिया था। लेकिन बाद में उस कमरे में आपत्तिजनक गतिविधियां की गयी। जिसके बाद विदित शर्मा से कमरा खाली करा लिया गया था। उन्होंने बताया कि विदित शर्मा इस बात का बदला लेने के लिए उन्हें लगातार धमकाता है। उन्होंने बताया कि विदित शर्मा अपनी राजनीतिक पहुंच का भय दिखाता है। अब तक उनसे करीब 7 लाख रूपए विभिन्न तरीकों से ऐंठ चुका है। उन्होंने पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई करने का भी आरोप लगाया। बड़े ही भावुक अंदाज में स्वामी दिव्यानन्द महाराज ने कहा कि यदि हरिद्वार में संतों के साथ ऐसा सुलूक होगा तो वे वापस अपने गुरू के आश्रम ऋषिकेश वापस चले जाएंगे। स्वामी दिव्यानन्द ऋषिकेश के प्रसिद्ध स्वामी दयानन्द महाराज के शिष्य हैं। जिनके भक्तों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सिने स्टार रजनीकांत जैसी बड़ी हस्तियां शामिल हैं। वहीं विदित शर्मा ने सभी आरोपों से इनकार किया है।

Share News
error: Content is protected !!