Uttarakhand Vigilance रुड़की के सिविल अस्पताल में शनिवार देर रात उत्तराखण्ड विजिलेंस की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते इमरजेंसी विभाग में तैनात मेडिकल आफिसर डा. आभास सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि पीडित मारपीट के मामले में सप्लीमेंट्री मेडिकल रिपोर्ट बनवाना चाहता था जिसके लिए डाक्टर ने बीस हजार रुपए मांगे थे। गिरफ्तार डाक्टर की पत्नी भी रुड़की सिविल अस्पताल में ही सीनियर स्त्री रोग विशेषज्ञ के तौर पर तैनात हैं और दोनों करीब एक माह पहले ही तबादला होकर मसूरी देहरादून से रुड़की आए थे।
योजनाबद्ध तरीके से बिछाया गया जाल
उत्तराखण्ड विजिलेंस के सूत्रों के मुताबिक, मारपीट के मामले में पीडित सप्लीमेंट्री मेडिकल रिपोर्ट बनवाना चाह रहा था। बीस हजार रुपए मांगे जाने पर पीडित ने विजिलेंस से संपर्क साधा और विजिलेंस की टीम ने चुपके से जाल बिछा दिया। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए विजिलेंस टीम ने पूरी योजना बनाई और शनिवार रात को ट्रैप बिछाया। जैसे ही डॉक्टर ने इमरजेंसी कक्ष में तय रकम के अनुसार 20 हजार रुपये हाथ में लिए, पहले से मुस्तैद विजिलेंस टीम ने उन्हें दबोच लिया।
Uttarakhand Vigilance

अस्पताल में मचा हड़कंप
देर रात हुई इस अचानक कार्रवाई से इमरजेंसी वार्ड में मौजूद कर्मचारियों, मरीजों और उनके तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई। विजिलेंस टीम आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

