Uttarakhand STF उत्तराखंड में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसटीएफ (STF) और देहरादून पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक विक्रान्त कश्यप, पाकिस्तानी आतंकी संगठन ‘अल बर्क ब्रिगेड’ के हैंडलर शहजाद भट्टी के इशारे पर देहरादून स्थित प्रतिष्ठित सरकारी संस्थानों और सैन्य ठिकानों की जासूसी कर रहा था। उसके पास से एक अवैध पिस्टल, कारतूस और स्प्रे पेंट की केन बरामद हुई है।
सिद्धू मूसेवाला का बदला लेने के नाम पर किया गया ‘ब्रेनवॉश
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विक्रान्त पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का कट्टर प्रशंसक है। मूसेवाला की हत्या के बाद वह बदला लेना चाहता था। इसी का फायदा उठाकर पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी ने इंस्टाग्राम के जरिए उसे जाल में फंसाया। भट्टी ने उसे बदला लेने के नाम पर उकसाया और धीरे-धीरे उसे देश विरोधी गतिविधियों में शामिल कर लिया।

दहशत फैलाने के लिए दीवारों पर लिखा ‘TTH
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपी को भारत में ‘तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान’ (TTH) नामक नए संगठन के विस्तार का जिम्मा सौंपा गया था। उसने सेलाकुई और झाझरा क्षेत्र में कई सार्वजनिक दीवारों पर स्प्रे पेंट से ‘TTH’ लिखकर उसके वीडियो पाकिस्तान भेजे थे, ताकि लोगों में दहशत पैदा की जा सके।
इन ठिकानों की थी रेकी
आरोपी ने पूछताछ में कुबूला कि उसने आईएसबीटी (ISBT), पुलिस मुख्यालय और झाझरा पुलिस चौकी की लोकेशन और वीडियो फुटेज पाकिस्तान भेजी थी। उसे इन ठिकानों को बम से उड़ाने और दिल्ली के एक वकील व सामाजिक कार्यकर्ताओं पर हैंड ग्रेनेड फेंकने का टास्क भी दिया गया था।
नेपाल के रास्ते दुबई भेजने का था लालच
पाकिस्तानी हैंडलर्स ने विक्रान्त को लालच दिया था कि इन सभी मिशनों को पूरा करने के बाद उसे नेपाल के रास्ते दुबई भेज दिया जाएगा, जहाँ उसे मोटी रकम और ऐशो-आराम की जिंदगी मिलेगी। आरोपी वर्ष 2024-25 में पंजाब के नाभा में भी रह चुका है।