कांग्रेस विधायक
उत्तराखण्ड के कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र पर हुए हमले की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने विधायक पुत्र सौरभ बेहड़ के दोस्त सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि सौरभ ने खुद ही अपने दोस्त के जरिए हमला करवाया था। बताया जा रहा है कि पत्नी से चल रहे विवाद के चलते सौरभ ने ऐसा करवाया था। वहीं विधायक तिलक राज बेहड़ ने प्रेस वार्ता कर सभी से माफी मांगी और अपने पुत्र से रिश्ता तोड़ दिया। इस दौरान तिलक राज बेहड़ काफी भावुक भी हो गए।
क्या है पूरा मामला
रुद्रपुर में कुछ दिन पहले विधायक पुत्र सौरभ बेहड़ पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया था जिसमें सौरभ घायल हो गया था। इसके बाद हंगामा हुआ और धरने प्रदर्शन भी हुए। किसान आत्महत्या मामले में पहले से दबाव में चल रही उधम सिंह नगर पुलिस के सामने नई चुनौती थी। लेकिन पुलिस ने बिना किसी दबाव के विधायक पुत्र पर हमले का खुलासा कर दिया।
कांग्रेस विधायक

दोस्त के जरिए घर में रची साजिश
पुलिस का दावा है कि सौरभ ने पारिवारिक विवाद में सहानुभूति पाने के लिए खुद पर हमला करवाने की साजिश दोस्त इंदर नारंग के साथ मिलकर रची। इंदर नारंग ने पूछताछ में बताया कि हमले के लिए वंश कुमार, बादशाह और दीपक सिंह सभी निवासी रुद्रपुर को हायर किया गया और इसी के तहत हमला कराया गया। यही नहीं हमले के बाद आरोपियों को भगाने में भी इंदर नारंग का हाथ रहा। पुलिस ने सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है।
भावुक विधायक ने तोड़ा पुत्र से रिश्ता
वहीं इससे पहले दिन में कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ ने प्रेस वार्ता कर कहा कि इस मामले में पुत्र सौरभ ने उन्हें अंधेरे में रखा जिससे उनके छवि धूमिल हुई। भावुक बेहड़ ने अपने पुत्र से रिश्ता तोड़ने का भी ऐलान कर दिया। उन्होंने सभी से इस मामले में माफी भी मांगी।