कलियर, ईद के मेले में नहर मे डूबे दो युवक, एक की बची जान, दूसरे की तलाश जारी–

अतीक साबरी:-पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह पिरान कलियर में इन दिनों ईद के मेले के चलते जायरीनों का भारी जनसैलाब उमड़ा हुआ है। मेले में उमड़ी भयंकर भीड़ और चिलचिलाती गर्मी के कारण बड़ी संख्या में जायरीन गंगनहर में नहाने के लिए पहुंच रहे हैं। इसी दौरान गंगनहर में दो युवकों के डूबने की दुखद घटना सामने आई है।

​घटना के अनुसार, गंगनहर में नहाते समय दो युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। वहां से गुजर रहे राहगीर मोनिस ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को मामले की सूचना दी। शोर मचने पर स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक, जिसकी पहचान दीवान्स के रूप में हुई है, उसे सकुशल बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, दूसरा युवक पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया।

​सूचना मिलते ही पुलिस बल और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। लापता युवक की तलाश के लिए नहर में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल सका है। लापता युवक की शिनाख्त के प्रयास भी किए जा रहे हैं।​

कलियर थाना प्रभारी (SO) रविंद्र कुमार का बयान:मामले की जानकारी देते हुए कलियर एसओ रविंद्र कुमार ने बताया, “ईद के मेले के कारण क्षेत्र में जायरीनों की काफी भीड़ है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात है, लेकिन नहर के तेज बहाव में दो युवकों के डूबने की सूचना मिली थी। इनमें से एक युवक को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम जुटी हुई है। जलस्तर और बहाव तेज होने के कारण सर्च ऑपरेशन में चुनौतियां आ रही हैं, लेकिन युवक को ढूंढने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

साथ ही श्रद्धालुओं से लगातार अपील की जा रही है कि वे नहर के गहरे पानी में न उतरें।”​फिलहाल पुलिस युवक की पहचान करने और उसके परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है। घटना के बाद से मेला क्षेत्र और परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है।