अतीक साबरी:-
पिरान कलियर (हरिद्वार)। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना पिरान कलियर पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल करने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से घर पर फायरिंग करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को अवैध तमंचे सहित गिरफ्तार किया है।
घटना के अनुसार, ग्राम इमलीखेड़ा निवासी मुकेश उर्फ छेटा ने 7 मार्च 2026 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि मुराद अंसारी (निवासी नसीरपुर कला) अपने साथियों के साथ उनकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री को ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी ने अपने साथियों के साथ वादी के घर पहुंचकर जान से मारने की नीयत से देशी तमंचे से फायर झोंक दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 48/2026 दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कड़े रुख को देखते हुए थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 8 मार्च को मुखबिर की सूचना पर अब्दाल शाह रोड से तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया।
मुख्य आरोपी मुराद अंसारी के पास से घटना में प्रयुक्त 01 अवैध देशी तमंचा, 01 जिंदा कारतूस और 01 खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में मुराद अंसारी (20 वर्ष), दीपू सैनी (19 वर्ष) और सुधांशु उर्फ ढोली (20 वर्ष) शामिल हैं, जो थाना पथरी क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के साथ व0उ0नि0 सुनील दत्त पंत, उ0नि0 शहजाद अली, हे0का0 संजय रावत, हे0का0 रविंद्र बालियान और का0 आबिद शामिल रहे। पुलिस ने साफ कर दिया है कि क्षेत्र में गुंडागर्दी और महिला अपराध करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।