हरिद्वार, सिडकुल में एलपीजी सिलेंडरों का जखीरा बरामद, आरोपी जावेद गिरफ्तार,

अतीक साबरी:

हरिद्वार:-उत्तराखंड की हरिद्वार पुलिस ने एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध सिलेंडरों के जखीरे के साथ जावेद नामक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद इलाके में की गई। पकड़ा गया आरोपी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध की स्थिति का फायदा उठाकर स्थानीय बाजार में सिलेंडरों की किल्लत पैदा कर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में था।​

पुलिस के अनुसार, वैश्विक तनाव के मद्देनजर भीड़भाड़ वाले इलाकों और व्यावसायिक संस्थानों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान 27 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि रावली महदूद के एक घर में बड़ी मात्रा में अवैध एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण किया गया है।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर छापेमारी की। मौके से बड़ी संख्या में अवैध गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनके संबंध में आरोपी जावेद कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब पेश नहीं कर सका।​रावली महदूद जैसे घनी आबादी वाले और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किसी बड़ी दुर्घटना को दावत दे सकता था, जिसे पुलिस की सक्रियता ने टाल दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी को बुलाया गया और बरामद माल को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

इस पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के साथ हेड कांस्टेबल सुनील सैनी और कांस्टेबल रोहित बरोड़िया मुख्य रूप से शामिल रहे।