अतीक साबरी:-
हरिद्वार (सिडकुल): जनपद में अपराध नियंत्रण और बाहरी व्यक्तियों की सघन निगरानी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार द्वारा दिए गए ‘जीरो टॉलरेंस’ निर्देशों का असर धरातल पर दिखने लगा है। इसी क्रम में आज थाना सिडकुल पुलिस ने महादेवपुरम और रवाली महदूद क्षेत्र में एक विशाल सत्यापन अभियान चलाकर हड़कंप मचा दिया।
ड्रोन कैमरों से हुई संदिग्धों की घेराबंदी:-अभियान की सबसे खास बात आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल रही। पुलिस ने क्षेत्र में ड्रोन कैमरों के जरिए छतों और तंग गलियों की निगरानी की, ताकि सत्यापन के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति भागने या छिपने की कोशिश न कर सके। पुलिस की इस हाईटेक कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
लापरवाह मकान मालिकों पर ₹5 लाख की गाज:-एसएसपी की क्राइम मीटिंग में दी गई सख्त चेतावनी के बाद थाना सिडकुल पुलिस ने किरायेदारों का विवरण न रखने वाले 50 मकान मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर इन मकान मालिकों का कुल ₹5,00,000 (पांच लाख रुपये) का चालान काटा।
अभियान की मुख्य झलकियां:कुल सत्यापन: पुलिस टीमों ने घर-घर जाकर कुल 407 लोगों का डेटा बेस तैयार किया।
डाटा बेस में क्या है खास: केवल नाम-पता ही नहीं, बल्कि मूल निवास, कार्यस्थल की जानकारी और परिवार के सदस्यों के वर्तमान फोटो के साथ एक मजबूत डिजिटल रिकॉर्ड बनाया जा रहा है।
20 संदिग्ध हिरासत में: अभियान के दौरान 20 ऐसे लोग मिले जो मौके पर कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए। पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
“अपराधियों पर नकेल कसने के लिए यह डाटा बेस भविष्य में मील का पत्थर साबित होगा। अगर क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध गतिविधि होती है, तो पुलिस के पास हर व्यक्ति का पूरा ब्यौरा मौजूद रहेगा।”— थाना प्रभारी नितेश कुमार सिडकुल!
जनता से अपील और चेतावनी:-पुलिस द्वारा लाउडस्पीकर और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार प्रचार किया जा रहा है कि सभी नागरिक अपने किरायेदारों और घरेलू नौकरों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि यह अभियान रुकने वाला नहीं है और आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की औचक छापेमारी जारी रहेगी।