अतीक साबरी:-
हरिद्वार/श्यामपुर:मंगलवार शाम रसियाबड़ हाईवे पर उस वक्त बड़ा हादसा हो गया जब खुशियों से लदी एक बारातियों की बस और रोडवेज बस के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नितेश शर्मा अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और फरिश्ता बनकर यात्रियों को मौत के मुंह से बाहर निकाल लाए।
लोहे का जाल काटकर निकाले गए घायल, नितेश शर्मा ने खुद संभाला मोर्चा:-हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्राइवेट बस के परखच्चे उड़ गए थे और दो यात्री बस के लोहे के बीच बुरी तरह फंसकर तड़प रहे थे। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बिना देरी किए पुलिस बल के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जब तक एम्बुलेंस आती, नितेश शर्मा ने खुद अपनी देखरेख में बस की बॉडी को हटवाकर फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी इस दिलेरी ने न केवल लोगों की जान बचाई, बल्कि पुलिस के मानवीय चेहरे को भी गौरवान्वित किया।
10-15 यात्री घायल, सुरक्षित रेस्क्यू से टली जनहानिरात करीब 7:40 बजे हुए इस हादसे में देहरादून से बारात लेकर बिजनौर जा रही बस में सवार करीब 10-15 लोग घायल हुए। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने क्षेत्राधिकारी नगर (CO City) की मौजूदगी में तत्काल 108 एम्बुलेंस बुलाई और सभी घायलों को उपचार हेतु अस्पताल रवाना किया। घायलों में अनीश, मुराद अली, सुहैल, नईम (सभी निवासी बिजनौर) और नाजिर शाह शामिल हैं।
सड़क से हटाया मलबा, यातायात कराया सुचारू:-हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग सकता था, लेकिन थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत क्रेन बुलवाई और दोनों बसों को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा करवाया। सहमे हुए यात्रियों को दूसरी बसों में बैठाकर उनके घर के लिए रवाना किया गया। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून व्यवस्था दुरुस्त है।