पिरान कलियर: पुलिस की मुस्तैदी से सट्टेबाजों पर शिकंजा, रील बनाने वालों का कटा चालान; ट्रक में लगी भीषण आग

​पिरान कलियर:उत्तराखंड पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस इन दिनों अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर सख्त नजर बनाए हुए है। पिछले 24 घंटों के भीतर पुलिस ने जहां सट्टे की खाईबाड़ी और आपसी विवाद में चार लोगों को गिरफ्तार किया, वहीं यातायात बाधित कर रील बनाने वाले युवकों पर भी कानूनी डंडा चलाया। इसी बीच, क्षेत्र में एक खड़े ट्रक में शॉर्ट सर्किट से आग लगने के कारण लाखों का नुकसान हो गया।​

‘ऑपरेशन प्रहार’: सट्टेबाज और झगड़ालू गिरफ्तार​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों का पालन करते हुए थाना पिरान कलियर पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।​

सट्टे पर कार्रवाई: मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर जुनैद और असकर (निवासी सम्भल, यूपी) को सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए रंगे हाथों दबोचा। इनके पास से सट्टा डायरी, पेन और ₹2300 नकद बरामद हुए हैं।

​रास्ते का विवाद: इमलीखेड़ा चौकी क्षेत्र के ग्राम सोहलपुर में रास्ते को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। शांतिभंग की आशंका को देखते हुए चौकी प्रभारी शहजाद अली ने त्वरित कार्रवाई कर शेखर चौधरी और शुभम प्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।​

तिरछा पुल पर रील बनाना पड़ा भारी​सोशल मीडिया पर रील बनाने के जुनून में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले युवकों के खिलाफ भी पुलिस सख्त दिखी। धनौरी स्थित तिरछा पुल के बीचों-बीच गाड़ी खड़ी कर वीडियो बना रहे युवकों को पुलिस ने न केवल मौके पर फटकार लगाई, बल्कि उनका चालान भी काटा।

थाना प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि “सड़क कोई स्टूडियो नहीं है” और इस तरह की लापरवाही दूसरों की जान जोखिम में डाल सकती है।​

शॉर्ट सर्किट से ट्रक में लगी आग, 6 लाख का नुकसान​पिरान कलियर के रहमतपुर रोड स्थित एक खाली प्लॉट में खड़े 14 टायर ट्रक में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते ट्रक के टायर जलकर राख हो गए।

सूचना मिलते ही चेतक कर्मी रविंद्र बालियान और जमशेद अली के साथ फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रथम दृष्टया आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। ट्रक मालिक के अनुसार, इस घटना में करीब ₹6 लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।