ग्राम गाजीवाली में स्वच्छता अभियान के बाद एकत्र हुए कचरे को ग्राम पंचायत के कर्मचारियों ने खुले में फेंका था। इस संबंध में हरिद्वार नगर निगम ने प्रेस नोट जारी कर अपनी बात रखी है। नगर निगम हरिद्वार के अफसरों ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर गाजीवाली में स्वच्छता अभियान चलाया गया था। इसमें नगर निगम ने भी अपने कर्मचारी और एक जेसीबी सहयोग के लिए मुहैया कराई थी।
निगम के कर्मचारियों ने वहां कचरा एकत्र किया और पंचायत की गाडियों से ही कचरे को ले जाया गया था। उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत नगर निगम कर्मचारियों द्वारा 15 एवं 16 फरवरी 2026 को ग्रामीण क्षेत्र में कम्पोस्टेबल गार्बेज बैग्स में कूड़ा एकत्रित किया गया। चूंकि ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़े का निस्तारण ग्राम पंचायत स्तर से किए जाने का प्रावधान है। इसी क्रम में नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई गई अतिरिक्त मैनपावर के माध्यम से एकत्रित कूड़े को ग्राम पंचायत द्वारा व्यवस्था किए गए वाहनों के माध्यम से ग्राम पंचायत द्वारा निर्धारित स्थल पर ले जाया गया एवं उसके निस्तारण की व्यवस्था ग्राम पंचायत स्तर पर की गई।

उक्त एकत्रित कूड़े को ग्राम पंचायत द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहनों के माध्यम से उठाकर ग्राम पंचायत स्तर पर निस्तारण हेतु ले जाया गया। इस संबंध में कूड़ा परिवहन की संपूर्ण व्यवस्था ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों द्वारा की गई थी। नगर निगम द्वारा केवल श्रमबल (मैनपावर) उपलब्ध कराया गया था। वाहनों की अनुपलब्धता की स्थिति में निगम की ओर से केवल एक जेसीबी वाहन कूड़ा एकत्रित करने हेतु सहयोग स्वरूप उपलब्ध कराया गया।
नगर निगम ने ये भी स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा किसी भी ग्राम क्षेत्र के कूड़े को नगर क्षेत्र में निस्तारण हेतु नहीं लाया जाता है। जिन ग्राम पंचायतों द्वारा अपने यहां एकत्रित कूड़े के निस्तारण हेतु नगर निगम की सेवाएं ली जाती हैं, उनके लिए नगर निगम द्वारा निर्धारित शुल्क लागू है। उक्त शुल्क के भुगतान के उपरांत ही संबंधित ग्रामों का कूड़ा नगर निगम की मशीनरी के माध्यम से नियमानुसार निस्तारित किया जाता है।
स्पष्ट किया जाता है कि उक्त दिवसों में नगर निगम द्वारा एकत्रित कूड़े का कोई परिवहन ग्राम क्षेत्र में नहीं किया गया तथा नगर निगम द्वारा केवल मैनपावर उपलब्ध कराई गई थी, जिनके माध्यम से सड़क आदि का कूड़ा उठाकर एकत्रित किया गया, परंतु उक्त कूड़े का कोई परिवहन नगर निगम द्वारा नहीं किया गया।
समाचार पत्रों में प्रकाशित समाचार में नगर निगम द्वारा उक्त कार्य करना बताया गया जो सही नहीं है। नगर निगम हरिद्वार सभी समाचार माध्यमों से विनम्र अनुरोध करता है कि भविष्य में इस प्रकार के समाचार प्रकाशित करने से पूर्व निगम का पक्ष अवश्य लिया जाए, ताकि किसी प्रकार की भ्रामक स्थिति उत्पन्न न हो। नगर निगम हरिद्वार स्वच्छता एवं जनसहभागिता के प्रति प्रतिबद्ध है तथा ग्राम स्तर पर भी सहयोगात्मक कार्यों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।

