60 से अधिक दुकानों पर चला नगर निगम का बुल्डोजर, दस ठेलियां जब्त
हरिद्वार: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित तथा हरिद्वार नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशों के क्रम में नगर निगम हरिद्वार ने मंगलवार को सीसीआर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के तहत सीसीआर क्षेत्र और शहर के प्रमुख घाटों पर विशेष कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 50 से 60 ठेलियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया, जबकि 10 से अधिक ठेलियों को जब्त कर लिया गया। सख्ती दिखाते हुए तीन ठेलियों को जेसीबी मशीन से नष्ट भी किया गया।नगर निगम के अनुसार, इन क्षेत्रों में पहले भी नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती रही है, लेकिन बार-बार अतिक्रमण होने के कारण इस बार कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कई अतिक्रमणकारियों का सामान भी जब्त किया गया।मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो न सिर्फ सामान जब्त होगा, बल्कि संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, अर्जुन सिंह और अतिक्रमण प्रभारी आदित्य तंवर सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही। नगर निगम ने साफ किया है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।