अतीक साबरी:-
हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र की एक नामी कंपनी में नाबालिग लड़कियों के साथ अमानवीय व्यवहार और बंधुआ मजदूरी कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार्तिक एंटरप्राइजेज कंपनी के प्लांट हेड रजनीश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बंधुआ मजदूरी और मारपीट का आरोप 24 मार्च 2026 को कार्तिक एंटरप्राइजेज में कार्यरत कुछ महिलाओं और युवतियों ने सिडकुल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि प्लांट हेड रजनीश शर्मा और अन्य सहयोगियों ने दो नाबालिग लड़कियों के आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें अवैध रूप से काम पर रखा था।
शिकायत के अनुसार, 24 मार्च को चेकिंग के नाम पर युवतियों के साथ अभद्रता की गई। आरोप है कि ऑफिस के भीतर ही लड़कियों के दुपट्टे से उनके हाथ-पांव बांधकर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें बेइज्जत किया गया।
पुलिस को मिले पुख्ता सबूत:-शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना सिडकुल में मुकदमा विभिन्न धाराओं मे संबंधित एक्ट) में केस दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान 26 मार्च को मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा को पूछताछ के लिए बुलाया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से घटना से संबंधित वे वीडियो बरामद हुए हैं, जिनमें लड़कियों के हाथ-पांव बंधे हुए दिखाई दे रहे हैं।
दस्तावेजों में हेराफेरी और खतरनाक काम:-पुलिस की जांच में यह भी साफ हुआ है कि कंपनी की रिज्यूम फाइल में लड़कियों के असली आधार कार्ड की फोटोकॉपी के साथ छेड़छाड़ कर उनकी उम्र बढ़ाई गई थी ताकि उन्हें बालिग दिखाया जा सके। इसके अलावा, नाबालिग लड़कियों से वेल्डिंग मशीन जैसे खतरनाक और ज्वलनशील उपकरणों पर काम कराया जा रहा था। आरोपी उन पर चोरी कबूलने के लिए दबाव बना रहे थे।
आरोपी का विवरण:-गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजनीश शर्मा (42 वर्ष) पुत्र महिपाल शर्मा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से रामपुर जेवर (गौतम बुद्ध नगर, नोएडा) का निवासी है और वर्तमान में बहादराबाद के पीठ बाजार क्षेत्र में रह रहा था।
सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।