Kumbh Mela Haridwar कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को तेज़ करते हुए राज्य सरकार ने हरिद्वार में अवस्थापना विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (CCR-2) भवन के निर्माण के साथ सूखी नदी और मायापुर स्कैप चैनल पर दो डबल लेन पुलों का निर्माण शामिल है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य कुंभ मेला, प्रमुख स्नान पर्वों और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है।
सरकार ने CCR-2 भवन के निर्माण के लिए 50.27 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की है, जबकि प्रथम किश्त के रूप में 20.11 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। यह नया भवन वर्तमान मेला नियंत्रण भवन के समीप बनाया जाएगा और इसमें अत्याधुनिक निगरानी एवं नियंत्रण प्रणाली विकसित की जाएगी। खास बात यह है कि भवन की शीर्ष मंजिल पर हेलीपैड भी बनाया जाएगा, जिससे मेलों के दौरान भीड़ प्रबंधन, रेस्क्यू और आपात निकासी कार्यों में हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जा सकेगा।
Kumbh Mela Haridwar
गौरतलब है कि वर्तमान CCR भवन का निर्माण वर्ष 2004 में हुआ था, लेकिन बढ़ती श्रद्धालु संख्या और आधुनिक जरूरतों को देखते हुए अब नए कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में हरिद्वार दौरे के दौरान कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देशों के अनुपालन में शासन स्तर से इन परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई।

इसी क्रम में खड़खड़ी श्मशान घाट मार्ग पर सूखी नदी में स्थित वर्तमान कॉजवे के स्थान पर 44.80 मीटर लंबाई का डबल लेन केबिल नेट आर्च पुल बनाया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत 13.21 करोड़ रुपये स्वीकृत की गई है, जबकि प्रथम किश्त के रूप में 5.28 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। वर्षा ऋतु में कॉजवे पर जलभराव और तेज बहाव के कारण होने वाले हादसों को रोकने में यह पुल अहम साबित होगा। पुल पर फुटपाथ और दोनों ओर एप्रोच रोड भी बनाई जाएगी।
वहीं मायापुर स्कैप चैनल पर दक्षद्वीप और बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए पूर्व निर्मित सेतु के डाउनस्ट्रीम में 60 मीटर स्पान का बो-स्ट्रिंग स्टील गर्डर डबल लेन पुल बनाया जाएगा। इस परियोजना की लागत 12.46 करोड़ रुपये है और प्रथम किश्त में 4.98 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। इस पुल के निर्माण से दक्षद्वीप क्षेत्र में विकसित की जा रही पार्किंग सीधे बैरागी कैंप से जुड़ जाएगी, जिससे कुंभ मेला और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान यातायात और भीड़ प्रबंधन में बड़ी राहत मिलेगी।
मेला अधिकारी सोनिका ने इन परियोजनाओं को कुंभ मेला-2027 की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यदायी संस्थाओं को तत्काल निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। साथ ही निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा परीक्षण, लोड टेस्टिंग और अन्य तकनीकी परीक्षण समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि मेले के दौरान इनका सुरक्षित उपयोग हो सके।