हरिद्वार। एसएसपी हरिद्वार के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पिरान कलियर पुलिस को बड़ी दोहरी सफलता हाथ लगी है। प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के कुशल नेतृत्व में पुलिस ने जहां एक ओर 24 घंटे के भीतर अपहरण की गई नाबालिग बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया, वहीं दूसरी ओर धोखाधड़ी और बिजली चोरी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटियों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
मुस्तैदी: दुकान गई मासूम का हुआ था अपहरण, पुलिस ने घेराबंदी कर छुड़ायामामला 4 अप्रैल का है, जब सद्दीक (निवासी बरेली, हाल निवासी पिरान कलियर) की नाबालिग पुत्री घर से सामान लेने दुकान गई थी और वापस नहीं लौटी। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने तुरंत टीम गठित की। पुलिस ने आधुनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र का जाल बिछाया। टीम की मेहनत रंग लाई और महज एक दिन बाद ही 5 अप्रैल को बच्ची को इमाम साहब दरगाह परिसर के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। मासूम को सही-सलामत देख परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए और उन्होंने हरिद्वार पुलिस का तहे दिल से आभार जताया।
वारंटियों पर गाज: धोखाधड़ी और बिजली चोरी के आरोपी धरे गए’ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस अपराधियों के विरुद्ध आक्रामक रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में पुलिस ने दो शातिर वारंटियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में मुकर्रम (निवासी रहमतपुर, हाल शामली) और गुफरान अली (निवासी मीरपुर, रानीपुर) शामिल हैं। ये दोनों आरोपी बिजली चोरी और धोखाधड़ी के मामलों में वांछित चल रहे थे, जिन्हें पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
सफलता पाने वाली पुलिस टीम:दोनों कार्रवाईयों में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के साथ अ.उ.नि. रामअवतार, उ.नि. पुष्कर सिंह, व.उ.नि. देवेन्द्र सिंह तोमर, हे.का. सोनू कुमार, हे.का. रविन्द्र बालियान, हे.का. जमशेद अली, का. भादूराम, का. विक्रम सिंह और चालक नीरज राणा का विशेष योगदान रहा।