अतीक साबरी:-पीरान कलियर। उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के कड़े निर्देशों का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। पिरान कलियर क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाने और बाहरी संदिग्ध तत्वों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने एक बड़ा और सघन सत्यापन अभियान छेड़ दिया है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी रुड़की के मार्गदर्शन में आज थाना पिरान कलियर पुलिस ने पूरे क्षेत्र में जबरदस्त चेकिंग चलाकर बाहरी लोगों और किरायेदारों की कुंडली खंगाली।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व उपनिरीक्षक विनोद गोला और महिला उपनिरीक्षक विशाखा ने किया। पुलिस की संयुक्त टीम ने आज पिरान कलियर के चप्पे-चप्पे पर छापेमारी और चेकिंग की। अभियान के दौरान क्षेत्र के रैन बसेरों में ठहरे जायरीनों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।
महिला उपनिरीक्षक विशाखा की मौजूदगी में महिला जायरीनों और संदिग्धों से भी पूछताछ की गई। टीम ने होटलों और गेस्ट हाउसों के रजिस्टर चेक किए और मालिकों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी सूरत में बिना पहचान पत्र के किसी को कमरा न दिया जाए।
उपनिरीक्षक विनोद गोला ने चेकिंग के दौरान रिहायशी इलाकों में रह रहे किरायेदारों के सत्यापन फॉर्म चेक किए और मकान मालिकों को चेतावनी दी कि यदि बिना पुलिस सत्यापन के कोई भी किरायेदार पाया गया, तो संबंधित मकान मालिक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र के संदिग्ध तत्वों में हड़कंप मचा रहा।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार पिरान कलियर के निर्देश पर शुरू हुआ यह अभियान देर शाम तक चला, जिसका उद्देश्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाना है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

