अतीक साबरी:–रुड़की। सड़क दुर्घटना में घायल बीएसएफ जवान धन प्रकाश की मौत के बाद सोमवार को रुड़की सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। परिजनों और दलित समाज के लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल को सील करने और आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
बता दें कि बीते रोज घायल होने के बाद जवान धन प्रकाश को गौशाला तिराहा स्थित जगन्नाथ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहाँ पैर में फ्रैक्चर के उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
सोमवार को दलित नेता योगेश कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग सिविल अस्पताल पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को बिगड़ता देख एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया और पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई।
पुलिस अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद ही परिजन शव लेकर वहां से रवाना हुए। वहीं, परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने जगन्नाथ हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. पारित अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।