हरिद्वार विश्वविद्यालय के ‘उत्कर्ष-2026’ में उमड़ा छात्र शक्ति का सैलाब​

–सफलता के लिए सपनों के साथ संकल्प भी जरूरी: सोनू शर्मा

–​हरिद्वार विश्वविद्यालय के ‘उत्कर्ष-2026’ महोत्सव में मोटिवेशनल स्पीकर ने युवाओं में भरा जोश

अतीक साबरी:-​रुड़की। हरिद्वार विश्वविद्यालय में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक महोत्सव ‘उत्कर्ष-2026’ के तीसरे दिन शनिवार को सफलता की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे देश के प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर सोनू शर्मा ने छात्र-छात्राओं को जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि सफलता केवल संयोग नहीं, बल्कि कड़े अनुशासन और निरंतर प्रयासों का परिणाम होती है।​

सोनू शर्मा ने खचाखच भरे सभागार में युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में केवल सपने देखना काफी नहीं है, उन्हें हकीकत में बदलने के लिए सकारात्मक सोच और स्पष्ट लक्ष्य का होना अनिवार्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बढ़ाने और विपरीत परिस्थितियों में भी आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।​

इस दौरान विश्वविद्यालय के अध्यक्ष सी.एस. गुप्ता ने युवाओं को राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी अपने कौशल का सही दिशा में उपयोग करें, तो वे न केवल अपना भविष्य उज्ज्वल करेंगे, बल्कि देश के विकास में भी भागीदार बनेंगे। उपाध्यक्ष नमन बंसल ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस युग में वही सफल होता है जो तकनीक के साथ खुद को अपडेट रखता है और चुनौतियों से नहीं घबराता।​

इस अवसर पर प्रो. वाइस चांसलर डॉ. रमा भार्गव, डॉ. आदेश आर्य, डायरेक्टर विपिन सैनी, रजिस्ट्रार सुमित चौहान और ओएसडी अभिनव भटनागर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोनू शर्मा का आभार जताया। इस दौरान भारी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।