अतीक साबरी:-
पिरान कलियर (हरिद्वार)।हरिद्वार पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों और संदिग्धों के खिलाफ अपना हंटर तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी की टीम ने दरगाह साबिर पाक और आसपास के क्षेत्रों में जबरदस्त छापेमारी करते हुए शांति व्यवस्था भंग करने वाले 06 शातिरों को गिरफ्तार किया है।
आस्था की आड़ में फर्जीवाड़ा: जायरीनों को परेशान करने वाले हत्थे चढ़ेपुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि दरगाह क्षेत्र में कुछ संदिग्ध व्यक्ति ‘फर्जी खादिम’ बनकर बाहर से आने वाले जायरीनों को डरा-धमका रहे हैं और उनसे अवैध वसूली व अभद्रता कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया और टीम गठित कर दरगाह परिसर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 06 अभियुक्तों को रंगे हाथों पकड़ा गया जो फर्जी तरीके से सक्रिय रहकर वहां की शांति व्यवस्था को चुनौती दे रहे थे।
हुड़दंगियों पर पुलिस का प्रहार: सार्वजनिक स्थानों पर न्यूसेंस फैलाने वाले भी नपे:-अभियान केवल दरगाह तक सीमित नहीं रहा, बल्कि थाना क्षेत्र के अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिस का डंडा चला। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में सड़कों और सार्वजनिक चौराहों पर हुड़दंग करने वाले 07 अन्य व्यक्तियों को पुलिस अधिनियम की धारा-81 के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अराजक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
इन अभियुक्तों पर हुई कानूनी स्ट्राइकगिरफ्तार किए गए लोगों में मुरादाबाद (यूपी) निवासी मौ0 आशिफ (26 वर्ष), कलियर निवासी सोनू (32 वर्ष), मौ0 मुन्ना (22 वर्ष), मौ0 खालिद शेख (30 वर्ष) और जुल्फकार शेख (46 वर्ष) शामिल हैं। इन सभी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
टीम वर्क और सख्त चेतावनी: “शांति से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त”इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी के साथ व0उ0नि0 देवेन्द्र सिंह तोमर, हे0का0 रविन्द्र बालियान और हे0का0 जमशेद अली शामिल रहे। प्रभारी निरीक्षक ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि पिरान कलियर क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या जायरीनों के साथ बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ‘ऑपरेशन प्रहार’ इसी तरह जारी रहेगा।