Hridwar news बवालियों पर पुलिस का ‘हंटर’, चण्डीघाट चौकी में तोड़फोड़ करने वाले गिरफ्तार

​हरिद्वार। देवभूमि की शांति भंग करने और कानून को खिलौना समझने वाले अराजक तत्वों को थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने कड़ा सबक सिखाना शुरू कर दिया है। चण्डीघाट चौकी में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों से बदतमीजी करने वाले उपद्रवियों पर ‘हंटर’ चलाते हुए श्यामपुर पुलिस ने 5 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। थाना प्रभारी ने साफ संदेश दे दिया है कि हरिद्वार में गुंडागर्दी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वालों की जगह सिर्फ जेल में है।​

हादसे की आड़ में रची गई थी बवाल की साजिश:-मामला 1 अप्रैल का है, जब चण्डीघाट क्षेत्र में एक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों और कुछ बाहरी उपद्रवियों ने कोहराम मचाया था। दुख की घड़ी में सहानुभूति दिखाने के बजाय इन लोगों ने कानून हाथ में ले लिया। भीड़ की शक्ल में आए इन उपद्रवियों ने न केवल नेशनल हाईवे जाम कर जनता को बंधक बनाया, बल्कि रक्षक बनी पुलिस पर ही हमलावर हो गए। चण्डीघाट चौकी में घुसकर जिस तरह तोड़फोड़ की गई, उसने पुलिस के धैर्य की परीक्षा ली, लेकिन अब हिसाब बराबर करने का वक्त आ गया है।​

नितेश शर्मा की टीम का ‘फुल एक्शन’ मोड​:-घटना के बाद से ही थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीमें इन दंगाइयों की कुंडली खंगाल रही थीं। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों के जाल की मदद से पुलिस ने उन चेहरों को बेनकाब किया जिन्होंने खाकी की मर्यादा लांघने की कोशिश की थी। चौकी प्रभारी सन्तोष सेमवाल और उनकी टीम ने घेराबंदी कर 5 मुख्य चेहरों को दबोच लिया है, जबकि 50 से ज्यादा अज्ञात हमलावरों के सिर पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।​

इन आरोपियों को मिली सलाखों की हवा​गिरफ्तार किए गए चेहरों में खत्ताबस्ती का सुबोध, कांगड़ी का सन्दीप, रोड़ीबेलवाला का सोनू उर्फ टुंडा और रामबाबू उर्फ भूरा सहित गाजीवाली का गोविन्द शाह शामिल है। इन सभी पर सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम और क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट जैसी संगीन धाराएं ठोंकी गई हैं, जिनसे इनका बचना अब नामुमकिन नजर आ रहा है।

​पुलिस की दहाड़: ‘अपील भी और चेतावनी भी’​थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने क्षेत्र के लोगों को हिदायत देते हुए कहा है कि पुलिस जनता की सेवा के लिए है, लेकिन इसे कमजोरी समझने की भूल न करें। किसी भी हादसे पर अपनी बात कानूनी तरीके से रखें। यदि भीड़ की आड़ में राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुँचाया या पुलिस के काम में रोड़ा अटकाया, तो हरिद्वार पुलिस का एक्शन ऐसा होगा कि सात पुश्तें याद रखेंगी।​

कार्रवाई करने वाली जांबाज टीम:इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, चौकी प्रभारी सन्तोष सेमवाल, कांस्टेबल अनिल रावत और राजवीर सिंह शामिल रहे। पुलिस की इस दबंग कार्रवाई से इलाके के बदमाशों में हड़कंप मचा हुआ है।