Haridwar News एनएसजी हरिद्वार। धर्मनगरी के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल से मानवता और विश्वास को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक तीरंदाजी (Archery) कोच पर अपनी 14 वर्षीय छात्रा के साथ पिछले छह महीनों से डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। कनखल थाना पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, जिसके बाद से आरोपी कोच फरार चल रहा है।
Haridwar News
पिछले छह महीने से कर रहा था परेशान
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी कोच की पहचान पवन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है और फिलहाल जगजतीतपुर कनखल में रहता है। आरोप है कि पवन ने पिछले साल अक्टूबर में छात्रा को डराया-धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद से लगातार पीडिता को धमकाकर शोषण किया जा रहा था।

पिता को बताई आपबीती, तब खुला राज
कोच के खौफ के कारण छात्रा लंबे समय तक चुप रही, लेकिन मानसिक दबाव बढ़ने पर उसने हिम्मत जुटाई और अपने पिता को पूरी आपबीती सुनाई। बेटी की बात सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके तुरंत बाद पिता ने कनखल थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वहीं
कनखल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दो दिन पहले आरोपी कोच पवन के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद फरार हुआ कोच
घटना के बाद से आरोपी कोच फरार बताया जा रहा है। एसएसआई अनुज सिंह ने एनएसजी को बताया कि आरोपी कोच निजी स्कूल में संचालित तीरअंदाजी सिखाता था। हालांकि वो स्कूल से जुड़ा हुआ कर्मचारी नहीं था। आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।