अतीक साबरी:-
हरिद्वार। कप्तान नवनीत सिंह के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस ने जालसाजी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पिरान कलियर क्षेत्र से एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे सघन सत्यापन अभियान के दौरान कोतवाली कलियर पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) की संयुक्त टीम को यह बड़ी कामयाबी मिली।
पकड़े गए आरोपी की पहचान शहनवाज पुत्र मौ. प्यारे, निवासी साहिबगंज, मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में कलियर स्थित अलीशान होटल के एक कमरे को अपना ठिकाना बनाकर अवैध गतिविधियां संचालित कर रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी होटल के कमरे में ‘शाहिदा मानवाधिकार जनसेवा केन्द्र’ का बोर्ड लगाकर फर्जी दस्तावेज तैयार करने का काला कारोबार चला रहा था।
दिनांक 19.02.2026 को जब पुलिस टीम ने चारमीनार के पीछे स्थित होटल के कमरे में छापेमारी की, तो आरोपी वहां स्थानीय और बाहरी राज्यों के लोगों के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पैन कार्ड बनाता हुआ रंगे हाथों पकड़ा गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुद को मानवाधिकार आयोग का अध्यक्ष बताते हुए रौब गांठने की कोशिश की और आयोग का एक फर्जी पहचान पत्र भी दिखाया। जब बरामद दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई तो पाया गया कि सभी जन्म प्रमाण पत्रों पर ‘सीरियल नंबर 1’ अंकित था और उन पर उत्तराखंड शासन का लोगो लगा हुआ था।
अधिकतर प्रमाण पत्र नगर निगम रुद्रपुर के लेटर पैड पर जारी दिखाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नगर पंचायत पिरान कलियर के ई.ओ. से संपर्क कर दस्तावेजों का मिलान किया, जिसमें पुष्टि हुई कि प्रमाण पत्रों पर किए गए हस्ताक्षर और मोहरें पूरी तरह जाली हैं।
कड़ी पूछताछ में आरोपी शहनवाज ने कुबूल किया कि वह गूगल से ऑनलाइन फॉर्मेट निकालकर और एडिटिंग सॉफ्टवेयर की मदद से अब तक 1000 से अधिक फर्जी जन्म प्रमाण पत्र व अन्य दस्तावेज लोगों को बेच चुका है। पुलिस ने मौके से 45 कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र, 07 अलग-अलग विभागों की मोहरें, एक लैपटॉप, चार्जर, माउस, रेडमी मोबाइल फोन, 06 आधार कार्ड और मानवाधिकार आयोग का फर्जी आईडी कार्ड बरामद किया है।
इस संबंध में थाना पिरान कलियर में मु.अ.सं. 29/2026 के तहत धारा 336(3), 338, 339 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम में एस.ओ. रविन्द्र कुमार, व.उ.नि. सुनील पंत, उ.नि. उपेन्द्र सिंह, हे.का. रविन्द्र वालियान, का. जितेन्द्र सिंह व एलआईयू टीम शामिल रही।

