Haridawr Murder Case
हरिद्वार। भांजियों पर अश्लील टिप्पणी करने के चलते ट्रक ड्राइवर ने अपने ही दोस्त की ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि शराब पीने के दौरान अक्सर मृतक अपने दोस्त को भांजियों को लेकर अश्लील टिप्पणी करता था। हत्या के बाद मृतक की पत्नी ने मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस के अनुसार, 4 मार्च 2026 को प्रताप कॉलोनी निवासी एक महिला ने थाना भगवानपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि ट्रक संख्या UP17BT-8882 के चालक राजीव पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम मलकपुर लोन, छपरौली रोड जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) ने उसके पति राहुल कुमार को पुरानी रंजिश के चलते भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक से कुचलकर मार डाला।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 मार्च को दबिश देकर आरोपी राजीव को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले 8-9 वर्षों से रुहालकी गांव में एक महिला के साथ रह रहा है और उसका चार वर्षीय पुत्र भी है। वह करीब 15 साल से वाहन चला रहा है और हाल ही में दिसंबर 2025 में उसने अपना छह टायर का कैंटर ट्रक खरीदा था।
आरोपी ने बताया कि मृतक राहुल होटल में खाना बनाने का काम करता था और दोनों का अक्सर साथ उठना-बैठना था। दोनों कभी-कभार साथ में शराब भी पीते थे। आरोपी के मुताबिक, राहुल शराब के नशे में उसकी तीनों भांजियों के बारे में अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था। कई बार समझाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आता था और बाद में होश आने पर माफी मांग लेता था।
घटना के दिन होली की छुट्टी होने के कारण दोनों की फोन पर बात हुई और राहुल उसके पास भगवानपुर टोल के पास पहुंच गया। दोनों ने ट्रक में बैठकर शराब पी और खाना खाया। इसी दौरान राहुल ने फिर से आरोपी की भांजियों के बारे में अपशब्द कहना शुरू कर दिया, जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने उसे ट्रक से उतरने के लिए कहा। जैसे ही राहुल टोल की ओर जाने लगा, आरोपी ने गुस्से में ट्रक चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी ट्रक लेकर नन्हेड़ा रोड पहुंच गया और वाहन वहीं खड़ा कर ट्रक में ही लेट गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ट्रक UP17BT-8882 बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी ने जानबूझकर ट्रक से कुचलकर हत्या की। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
।

