अतीक साबरी:-
लक्सर। हरिद्वार पुलिस ने लक्सर क्षेत्र में फाइनेंस कर्मी से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए लक्सर पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई ₹1,85,000 की नगदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
पुराना नौकर ही निकला मास्टरमाइं:-पुलिस पूछताछ में सामने आया कि लूट की इस साजिश का मास्टरमाइंड गुलशेर नाम का युवक है, जो पीड़ित के मालिक की परचून की दुकान पर पिछले 7 साल से काम करता था। अनबन होने के कारण उसने काम छोड़ दिया था, लेकिन उसे पता था कि रवि (पीड़ित) हर रविवार को दुकानों से उगाही कर मोटी रकम लेकर लौटता है।
ज्यादा पैसे कमाने के लालच में गुलशेर ने अपने गांव के साथियों सलमान, फरमान और साहिल के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।ऐसे दिया वारदात को अंजामबीते रविवार (1 फरवरी) को चारों आरोपियों ने रवि को रास्ते में रोककर डंडों से पीटा और पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे।
पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर घेराबंदी कर गुलशेर, फरमान और साहिल को दबोच लिया, जबकि इनका एक साथी अभी फरार है। पकड़े गए आरोपियों के पास से लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया गया है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक लोकपाल परमार, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

