Dehradun Murder Case देहरादून के चर्चित तिब्बती मार्किट मर्डर केस में देहरादून पुलिस ने मृतक कारोबारी की सगी मां सहित पांच लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस का दावा है कि 14 करोड़ रुपए की संपत्ति को लेकर मां और बेटे में विवाद चल रहा था। जिसके चलते मां ने एक अन्य कारोबारी के साथ मिलकर 12 लाख रुपए की सुपारी देकर बेटे की हत्या करा दी। पुलिस ने इससे पहले गुरुवार सुबह दो शूटरों को गिरफ्तार कर चुकी थी, दोनों सगे भाई है।
क्या था विवाद
11 फरवरी को सुबह गैंस एजेंसी मालिक अर्जुन शर्मा की हत्या गोली मारकर कर दी थी। पुलिस ने दो शूटरों पंकज राणा और राजीव उर्फ राजू दोनों भाई को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। शूटरों ने विनोद उनियाल के नाम का जिक्र किया। विनोद उनियाल निवासी डालनवाला ने पूछताछ में बताया कि उसके परिचित डॉ0 अजय खन्ना व मृतक की माँ बीना शर्मा का मृतक अर्जुन शर्मा से प्रापर्टी व पैसों के लेने देन को लेकर विवाद चल रहा था तथा पूर्व में दोनो पक्षों द्वारा एक दूसरे के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत कराये गये थे।

14 करोड़ की संपत्ति को लेकर हुआ विवाद
डॉ0 अजय खन्ना की अर्जुन शर्मा की माँ श्रीमती बीना शर्मा से जीएमएस रोड स्थित उनकी सम्पत्ति को खरीदने की एवज में 14 करोड रू0 मे डील हुई थी, जिसमें से अब तक 08 करोड रू0 उसके द्वारा बीना शर्मा को दिये जा चुके थे पर अर्जुन शर्मा द्वारा उसकी माँ द्वारा बेची गई प्रापर्टी पर मां0 न्यायालय से स्टे ले लिया गया था। इतने पैसे देने के बाद व प्रापर्टी पर कब्जा न मिल पाने के कारण डॉ0 अजय खन्ना काफी परेशान चल रहा था तथा बीना शर्मा पर अपने पैसे वापस देने का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर माँ बेटे के बीच अक्सर विवाद व झगडा होता रहता था तथा मृतक की माँ द्वारा अपने पुत्र से खुद को असुरक्षित बताते हुए मां0 उच्च न्यायालय से सुरक्षा प्राप्त की गई थी।
उक्त सम्पत्ति पर अर्जुन शर्मा द्वारा विक्रय पर स्टे लेने तथा मोटी धनराशि देने के बावजूद भी मां0 न्यायालय में वाद के लम्बित रहने तथा प्रापर्टी पर मालिकाना हक नहीं मिल पाने पर बीना शर्मा, अजय खन्ना तथा विनोद उनियाल द्वारा अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई तथा उनका दोनो अभियुक्तों से 12 लाख रू0 में सौदा तय हुआ था, जिसमें से 03 लाख रू0 दोनों अभियुक्तों को एडवांस मिल गये थे तथा बाकी के पैसे काम होने के बाद मिलने थे।
ऐसे किया गया मर्डर
पैसों के लालच में दोनो अभियुक्तों द्वारा अर्जुन शर्मा की दिनचर्या की जानकारी करते हुए दिनांक: 11-02-26 को तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। अभियोग की विवेचना के दौरान तथ्य प्रकाश में आये कि घटना से पूर्व तथा घटना के बाद अभियुक्त पंकज राणा द्वारा विनोद उनियाल से व्हट्सअप के माध्यम से सम्पर्क किया गया था तथा घटना के बाद रात्रि में अभियुक्त उसके घर भी गया था।

Dehradun Murder Case
विवेचना के दौरान गवाहों के बयानों से यह तथ्य प्रकाश में आये कि मृतक अर्जुन शर्मा की मां बीना शर्मा द्वारा अर्जुन शर्मा के मैनेजर विजय से कुछ दिन पूर्व उसकी दिनचर्या के सम्बन्ध में जानकारी ली गई थी, क्योंकि अपनी मां से हुए विवाद के चलते मृतक अर्जुन शर्मा अपने परिवार के साथ इन्दिरा नगर क्षेत्र मे किराये के मकान में रह रहा था। अभियुक्तों से पूछताछ तथा विवेचना के दौरान प्रकाश में आये हत्या के षडयंत्र में शामिल होने सम्बन्धी तथ्यों के आधार पर पुलिस द्वारा अभियोग में नामजद तीन अन्य अभियुक्तों 1- विनोद उनियाल 2- डॉ0 अजय खन्ना तथा 3- श्रीमती बीना शर्मा को गिरफ्तार किया गया, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा घटना के सभी तथ्यों पर लगातार गहनता से विवेचना की जा रही है।
ये हुए गिरफ्तार
1- पंकज राणा पुत्र अभय राम सिंह निवासी- 61/3 इंदिरा कॉलोनी, चक्खुवाला, कोतवाली, देहरादून उम्र 52 वर्ष
2- राजीव उर्फ राजू पुत्र अभय राम सिंह निवासी 61/3 इंदिरा कॉलोनी, चक्खुवाला, कोतवाली, देहरादून, उम्र 50 वर्ष
3- श्रीमती बीना शर्मा पत्नी स्व0 आर0सी0 शर्मा , निवासी 40/1 बसंत विहार,
4- विनोद उनियाल पुत्र घनश्याम उनियाल, निवासी गैलेक्सी लैक्सोटिका अपार्टमेंट, 31 इन्दर रोड डालनवाला।
5- अजय खन्ना, पुत्र जे0पी0 खन्ना निवासी: 12 ई०सी० रोड, डालनवाला, देहरादून

