उत्तराखण्ड: शक के चलते पुजारी ने पत्नी को मौत के घाट उतारा, मां पर भी किया हमला

कुणाल दरगन।
उत्तराखण्ड के अल्मोड़ा जनपद के द्वाराहाट में पूजा—पाठ का काम करने वाले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। पत्नी के फोन पर एक मिस्ड कॉल के कारण पति ने शक किया और इसी शक के चलते आरोपी पति ने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। वहीं दूसरी ओर उसने अपनी मां पर भी हमला करने का प्रयास किया, हालांकि उन्होंने भागकर जान बचा ली। वहीं राजस्व पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के तीन बच्चे भी थे।
एसडीएम द्वाराहाट आरके पांडे ने बताया कि घटना बिंता घाटी के ढाईगढ़ा तोक में हुई है। यहां रहने वाले दयाकृष्ण जोशी ने बीती रात अपनी पत्नी बीना जोशी की कुल्हाडी से काट कर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि दयाकृष्ण पुजारी के तौर पर काम करता था और खेती भी थी। शुरूआती जांच में पति—पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। राजस्व पुलिस ने उसे भागने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
वहीं आरोपी ने सबूत मिटाने का प्रयास भी किया। घटना की जानकारी परिजनों ने ही दी। दयाकृष्ण पूजापाठ का काम करता था और यहां एक मंदिर में पुजारी भी था। दोनों के तीन छोटे बच्चे भी थे।

Share News
error: Content is protected !!