Nagar Nigam Haridwar घर घर बांटे जायेंगे डस्टबिन, निगम की दुकानों का बढ़ेगा किराया, क्या क्या लिए गए फैसले

IMG 20250731 WA0132
शेयर करें !

Nagar Nigam Haridwar नगर निगम हरिद्वार की बहुप्रतीक्षित बोर्ड बैठक गुरुवार को निगम कार्यालय में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। बैठक में नगर की साफ-सफाई, रोशनी, स्मार्ट सुविधाओं और अवैध कब्जों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए 600 से अधिक प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक की अध्यक्षता महापौर और नगर आयुक्त ने संयुक्त रूप से की, जिसमें सभी पार्षदों ने भाग लेकर अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं एवं सुझाव रखे।

Nagar Nigam Haridwar

मुख्य निर्णय इस प्रकार रहे:

🟢 हर वार्ड में लगाई जाएंगी मिनी हाई मास्क लाइटें ताकि रात के समय रोशनी और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
🟢 आउटसोर्स कर्मचारियों हेतु नया टेंडर जारी किया जाएगा, साथ ही प्रत्येक वार्ड में कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
🟢 स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में बेहतर रैंकिंग पाने के लिए एजेंसी का चयन टेंडर के माध्यम से किया जाएगा।
🟢 नगर निगम क्षेत्र के सभी शौचालयों का सर्वे कराया जाएगा और जहां कब्जा है, उन्हें खाली कराकर निष्पक्ष नीलामी की जाएगी।
🟢 निगम संपत्तियों की सुरक्षा हेतु तारबाड़ की जाएगी और चिन्हांकन भी कराया जाएगा।
🟢 स्मार्ट सिटी मिशन के तहत स्मार्ट बस शेल्टर और पब्लिक इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।
🟢 नगर निगम की दुकानों से सर्किल रेट के आधार पर किराया लिया जाएगा।
🟢 नगर क्षेत्र में बंदरों को पकड़ने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
🟢 हर घर में डस्टबिन वितरण के लिए डेढ़ लाख डस्टबिन खरीदे जाएंगे।
🟢 सभी 60 वार्डों में सुपरवाइजर तैनात होंगे, जिनकी नियुक्ति अनुभव और योग्यता के आधार पर होगी।
🟢 यूजर चार्ज वसूली के लिए बाहरी एजेंसी का चयन निविदा प्रक्रिया से किया जाएगा।
🟢 सराय क्षेत्र स्थित नगर निगम के एमआरएफ सेंटर का संचालन फिर से शुरू किया जाएगा।

IMG 20250731 WA0132

नगर आयुक्त ने बताया कि ये सभी निर्णय हरिद्वार को स्मार्ट, स्वच्छ और व्यवस्थित नगर बनाने के उद्देश्य से लिए गए हैं। बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से रखे, जिन्हें सकारात्मक रूप से संज्ञान में लिया गया।

नगर निगम प्रशासन ने सभी प्रस्तावों पर शीघ्र अमल का भरोसा दिलाया है, ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।