BJP President Madan Kaushik in Haridwar Beingh Bhagirath ngo

नगर निगम, बींग भागीरथ के चक्कर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की किरकिरी, व्यापारियों में उबाल


विकास कुमार।

हरिद्वार की एनजीओ बींग भागीरथ और नगर निगम हरिद्वार ने हरियाणा में कांवडियों को गंगा जल की पांच हजार कैन भेजी है। इस अभियान का आगाज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और स्थानीय विधायक मदन कौशिक ने रविवार को किया। लेकिन इससे हरिद्वार के व्यापारी नाराज हो गए और नगर निगम प्रशासन की दोहरी नीति पर सवाल खडे कर दिए। असल में नगर निगम ने एनजीओ बींग भागीरथ को पांच हजार प्लास्टिक कैन दिए जिनको हरकी पैडी क्षेत्र से व्यापारियों से सीज किया गया था और नगर निगम के पास पडे थे। व्यापारियों का आरोप है कि जब प्लास्टिक कैन प्रतिबंधित है और इसका प्रयोग व बेचना गैर कानूनी है तो नगर निगम इन जब्त की गई प्लास्टिक कैन का प्रयोग कैसे कर सकता है। नगर निगम एक तरफ व्यापारियों पर कार्रवाई करता है और दूसरी तरह उन्हीं प्लास्टिक बैन को अपने फायदे के बींग भागीरथ के साथ मिलकर राजनीति कर रहा है। 

FB IMG 1627229975931

————————————

क्या कहते हैं व्यापारी नेता

व्यापारी नेता संजीव नैयर ने कहा कि जो उत्पाद गैरकानूनी है और गंगा को प्रदूषित करने वाला है तो वो ही उत्पाद नगर निगम, बींग भागीरथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के लिए पुण्य देने वाला कैसे बन सकता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह सरकार व्यापारियों के हितों पर लगातार कुठाराघात कर रही है और व्यापारियों का सामान जब्त कर उसी सामान को अपने फायदे के लिए प्रयोग कर रही है इससे व्यापारियों में गुस्सा है और इसका खामियाजा आने वाले चुनाव में भाजपा को भुगतना पडेगा। व्यापारी नेता और समाजसेवी डा. विशाल गर्ग ने बताया कि अगर जब्त की गई प्लास्टिक की कैन से ही जल भेजना है तो फिर हरकी पैडी पर प्लास्टिक बैन का क्या औचित्य है। क्यों नगर निगम छोटे व्यापारियों की रोजी पर लात मार रहा है। ये पूरी तरह से गलत है और इसका हम विरोध करते है। व्यापारियों के हितों के लिए हम इस मामले में किसी से भी टकराने के लिए तैयार है। व्यापारी नेता संजीव चौधरी ने कहा कि कांवड के लिए गंगा जल अगर भेजना था तो आपको स्टील या अन्य किसी धातु की कैन में भेजना चाहिए था। एक तरफ तो नगर निगम व्यापारियों का चालान काट कर उनका सामान जब्त कर रही है और दूसरी और उसी जब्त सामान का प्रयोग अपने फायदे के लिए कर रही है। ये खुलेे तौर पर लूट हैं और इसे व्यापारी वर्ग समझ रहा है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

—————————————————

भाजपा नेताओं ने साधी चुप्पी

वहीं हरकी पैडी से पार्षद और भाजपा नेता कन्हैया खेवडिया से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुझे इस बारे में जानकारी नही है। कुल मिलाकर उन्होंने व्यापारी हितों वाले इस मामले में चुप्पी साधते हुए जानकारी ना होने का जवाब दिया।

———————————

क्या बोले नगर निगम के अधिकारी

नगर निगम के मुख्य नगर अधिकारी जय भारत सिंह ने बताया कि हमनें करीब बीस हजार प्लास्टिक कैन जब्त की थी क्योंकि हरकी पैडी पर प्लास्टिक उतपादों का प्रयोग प्रतिबंधित है। बींग भागीरथ ने हमसे पांच हजार प्लास्टिक कैन गंगा जल भेजने के लिए मांगी थी जो हमने दे दी और कोई संस्था हमसे मांगेगी तो हम उन्हें भी प्लास्टिक कैन दे देंगे। क्योंकि ये सिफ हरकी पैडी पर बैन है बाकी जगह नही।

—————————————

मेयर बोली नगर निगम के अधिकारी कर रहे हैं गैर कानूनी काम वहीं मेयर अनीता शर्मा ने बताया कि इस बारे में हमसे कोई राय नहीं ली गई। सरकार के आदेश के अनुसार नगर निगम ने प्लास्टि कैन हरकी पैडी से जब्त की थी अब उन्हीं जब्त प्लास्टिक कैन को सरकार बींग भागीरथ के जरिए अपने पोस्टर लगाकर गंगा जल दूसरे राज्य भेज रही है। ये दोहरा चरित्र है जिसका जवाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं पूरी तरह से व्यापारियों के साथ हूं।

Share News