अतीक साबरी:-
पिरान कलियर। कोतवाली कलियर पुलिस ने अवैध कार्यों के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक सट्टेबाज को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। नवनियुक्त प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के कड़े रुख के बाद क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर हज हाउस पार्किंग के पास छापेमारी की। यहाँ शकील अहमद नाम का व्यक्ति सट्टे की खाई-बाड़ी कर रहा था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से सट्टा उपकरण, डायरी, पेन और 2,880 रुपये की नगदी बरामद हुई है।
पकड़ा गया आरोपी शकील अहमद पुत्र नसीरुद्दीन, मूल रूप से रामपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में बरेली सराय, कलियर में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 68/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस टीम में कांस्टेबल सुबोध कुमार और कांस्टेबल प्रकाश मनराल शामिल रहे। प्रभारी निरीक्षक ने साफ संदेश दिया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध धंधे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।