कलियर में बाइक सवार बदमाशों ने युवक से छीना आई-फोन

पिरान कलियर (हरिद्वार)। विश्व प्रसिद्ध दरगाह पिरान कलियर क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब राहगीरों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। बुधवार रात बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक के हाथ से आई-फोन छीनकर सनसनी फैला दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी कांवड़ पटरी के रास्ते रूडकी की ओर रफूचक्कर हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलौर निवासी मौ० शारिज उर्फ शारिक पुत्र फजल इलाही, जो वर्तमान में कलियर में रह रहे हैं, बुधवार रात करीब 9:30 बजे पुराने पुल से पैदल कलियर गांव की ओर जा रहे थे। शारिज अपने आई-फोन 13 पर बात कर रहे थे, तभी पीछे से एक औरेंज रंग की एफजेड (FZ) बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक आए। इससे पहले कि शारिज कुछ समझ पाते, बाइक सवारों ने उनके हाथ पर झपट्टा मारा और फोन छीनकर बिजली की तेजी से नए पुल के रास्ते कांवड़ पटरी से होते हुए रूडकी की तरफ फरार हो गए।

पीड़ित ने तत्काल मामले की सूचना थाना पिरान कलियर पुलिस को दी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय निवासियों और जायरीनों में असुरक्षा का माहौल है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक सवारों की तलाश शुरू कर दी है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *