रात होते ही कलियर की सड़कों पर ‘मौत’ बनकर दौड़ रही अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर-ट्रालियां:

पिरान कलियर। कलियर थाना क्षेत्र के बेड़पुर चौक और अबदाल साहब बस्ती इलाके में इन दिनों रात होते ही सन्नाटा नहीं, बल्कि अवैध खनन का ‘खूनी खेल’ शुरू हो जाता है। जब पूरी दुनिया सोती है, तब खनन माफियाओं का साम्राज्य जागता है। ताज्जुब की बात यह है कि रात भर रेत और बजरी से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियां सरपट दौड़ रही हैं, लेकिन मजाल है कि खाकी की नजर इन पर पड़ जाए।​

रफ्तार का कहर:-स्थानीय निवासियों का कहना है कि देर रात शुरू होने वाला यह खेल सुबह तक बिना रोक-टोक चलता है। ये ट्रैक्टर-ट्रालियां इतनी तेज रफ्तार में होती हैं कि आए दिन हादसे का डर बना रहता है। अब सवाल यह उठता है कि क्या पुलिस को इन भारी वाहनों के शोर और अवैध गतिविधियों की भनक नहीं है?

:

​गश्त का दिखावा: रात भर सड़कों पर गश्त करने का दावा करने वाली पुलिस को ये ओवरलोडेड वाहन क्यों नहीं दिखते क्या सत्ता और रसूख के दबाव में पुलिस इन माफियाओं पर हाथ डालने से कतरा रही है?​

बेड़पुर चौक और अबदाल साहब बस्ती के लोग इस शोर और दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं। शासन-प्रशासन की इस ढुलमुल नीति ने खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद कर दिए हैं कि उन्हें कानून का जरा भी खौफ नहीं रहा। अब देखना यह है कि उच्च अधिकारी इस ‘अंधेरगर्दी’ पर कब लगाम कसते हैं या फिर पुलिस की यह ‘मेहरबानी’ इसी तरह जारी रहेगी।