युवती से मारपीट और लूट के बाद युवक ने खुद को गोली से उड़ाया, इलाके में सनसनी

अतीक साबरी:-​

रानीपुर (हरिद्वार)।जनपद के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक युवक ने पहले अपनी ही जान-पहचान की युवती के साथ बीच रास्ते में मारपीट की, उसका मोबाइल छीना और फिर पुलिस से घिरता देख खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।​

बीच सड़क पर मारपीट और धमकी:-​मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से ग्राम पूरे हेमराज (अरूवावा, फैजाबाद, उत्तर प्रदेश) की रहने वाली एक युवती, जो वर्तमान में जमालपुर की राम वाटिका कॉलोनी में रह रही है, ने पुलिस को आपबीती सुनाई। युवती ने बताया कि उसके गांव का ही रहने वाला सुजेश उसे जमालपुर चौक के पास मिला। सुजेश के पास अवैध पिस्टल थी। उसने युवती को रोककर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, फिर पिस्तौल के बल पर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। आरोपी सुजेश उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया।​

पुलिस की घेराबंदी और पीछा ​डरी-सहमी युवती तुरंत गैस प्लांट पुलिस चौकी पहुँची और आपबीती बताई। मामला गंभीर देखते हुए पुलिस तत्काल हरकत में आई। पुलिस ने युवती से आरोपी का नंबर लिया और सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया। लोकेशन बहादराबाद क्षेत्र की ओर मिली, जिसके बाद पुलिस की एक टीम ने तेजी से संदिग्ध सुजेश का पीछा किया।

​मैदान में मिला लहूलुहान शव:-​पुलिस की टीम जब पीछा करते हुए बहादराबाद स्थित इंडियन बोटलिंग प्लांट (गैस प्लांट) की बाउंड्री वॉल के पीछे खाली मैदान में पहुँची, तो वहाँ का मंजर देख पुलिस के भी होश उड़ गए। पुलिस के पहुँचने से ठीक पहले सुजेश ने पकड़े जाने के डर से अपने पास मौजूद उसी पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मार ली थी। सुजेश खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।​

मौके पर पहुँचे आला अधिकारी​:-दिनदहाड़े हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जाँच में इसे आपसी विवाद और फिर आत्महत्या का मामला माना जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहाँ से आया और इस वारदात के पीछे की असली वजह क्या थी। पुलिस प्रशासन द्वारा अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।