आर्य नगर में गेट लगाने को लेकर फिर विवाद, पीड़ित लोगों ने प्रॉपर्टी कारोबारी पर लगाया दबाव बनाने का आरोप
हरिद्वार। आर्य नगर क्षेत्र में सोंधी नर्सिंग होम वाली गली में सार्वजनिक स्थान पर गेट लगाने को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक दबंग प्रॉपर्टी कारोबारी के इशारे पर गली में जबरन गेट लगाया गया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है।बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर गेट लगाया गया है, वह एक स्थानीय नागरिक के घर के ठीक सामने है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने इसका विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद पुलिस की मौजूदगी में गेट जबरन लगा दिया गया।
परिवार का आरोप है कि उनकी शिकायत के बावजूद सिस्टम उनकी सुनवाई नहीं कर रहा है।स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि विवादित स्थान से मयूर विहार कॉलोनी की शुरुआत ही नहीं होती, ऐसे में वहां गेट लगाने की अनुमति कैसे दी गई, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
वहीं प्रॉपर्टी कारोबारी का दावा है कि गेट लगाने के लिए कोर्ट का आदेश है, हालांकि आदेश में गेट लगाने की सटीक जगह स्पष्ट नहीं बताई गई है।आरोप यह भी है कि जिस स्थान पर गेट लगाया जा रहा है, वहां से प्रॉपर्टी कारोबारी का घर काफी दूर है।
बताया जा रहा है कि उसने अपने घर से पहले एक मकान खरीदा है और उसी को कवर करने के उद्देश्य से गेट लगाया जा रहा है।गेट लगाए जाने के दौरान हथियारबंद लोगों की मौजूदगी से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। जिस परिवार के घर के सामने गेट लगाया गया है, वह इस घटनाक्रम से बेहद आहत है और रो-रोकर अपनी पीड़ा व्यक्त कर रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पूरे मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि गेट लगाने की अनुमति किस आधार पर दी गई। फिलहाल क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर लोगों में आक्रोश बना हुआ है।