हरिद्वार। धर्मनगरी में अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत रानीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी भुल्लर के कुशल मार्गदर्शन और सटीक रणनीति का नतीजा रहा कि पुलिस ने एक ऐसे शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने दिल्ली से लेकर हरिद्वार तक आतंक मचा रखा था। पुलिस ने गैंग के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
श्मशान की झाड़ियों में छिपा रखा था चोरी का ‘स्टॉक’घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के सख्त आदेशों के बाद कोतवाली रानीपुर पुलिस संदिग्धों पर पैनी नजर रख रही थी। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नहर पटरी के पास श्मशान घाट के पास घेराबंदी की। यहाँ झाड़ियों के पीछे चोरों ने चोरी की गई बाइकों का पूरा ‘शोरूम’ छिपा रखा था। पुलिस ने मौके से घेराबंदी कर चारों आरोपियों को उस वक्त दबोच लिया जब वे इन वाहनों को ठिकाने लगाने की फिराक में थे।
नशे की ‘खुराक’ के लिए बन गए लुटेरे:-गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी—विपिन, गौरव, नितिन और दूसरा गौरव—बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे नशे के इस कदर आदी हैं कि अपनी लत को पूरा करने के लिए किसी भी हद तक गिर जाते हैं। वे भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाइक उड़ाते और फिर उन्हें राह चलते लोगों या कबाड़ियों को मामूली दामों में बेचकर नशा करते थे। इनके निशाने पर रानीपुर, सिडकुल और दिल्ली के पॉश इलाके रहते थे।
एसएसपी भुल्लर की चेतावनी: “अपराधी या तो जेल जाएंगे या जिला छोड़ेंगे”एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने इस सफल कार्रवाई के बाद स्पष्ट संदेश दिया है कि हरिद्वार में अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। बरामद बाइकों में बुलेट और स्प्लेंडर जैसे महंगे और डिमांड वाले वाहन शामिल हैं, जिन्हें दिल्ली और फरीदाबाद जैसे शहरों से उड़ाकर हरिद्वार में खपाने की तैयारी थी। पुलिस अब इन चोरों के बाकी मददगारों और इन्हें खरीदने वाले कबाड़ियों की कुंडली खंगाल रही है।
पुलिस टीम की जांबाजी:प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में व.उ.नि. प्रदीप कुमार, अ.उ.नि. सुबोध घिल्डियाल और उनकी टीम ने एसएसपी के भरोसे पर खरा उतरते हुए इस बड़े गिरोह को सलाखों के पीछे पहुँचाया है।