​कोहरे की ओट में चल रहा था गोकशी का ‘डेथ पॉइंट’, पुलिस ने घेराबंदी कर उखाड़ा गिरोह-

अतीक साबरी:-

मंगलौर/हरिद्वार: हरिद्वार पुलिस ने गोकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के टांडा भनेड़ा में पुलिस ने दबिश देकर मौके से करीब 500 किलोग्राम (5 कुंतल) अवैध गोमांस, दो गोवंशीय सिर, खाल और गोकशी के भारी उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के 9 अन्य सदस्य घने कोहरे और अंधेरे का लाभ उठाकर खेतों के रास्ते भागने में सफल रहे। पुलिस ने बरामद मांस को मौके पर ही जेसीबी की मदद से जमीन में गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया है।​

मुखबिर की सटीक सूचना पर आधी रात को घेराबंदी: एसएसआई वजिन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 12 जनवरी की रात गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि टांडा भनेड़ा में खुशनशीब के खेतों के पास बड़े पैमाने पर गोकशी की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए बताए गए स्थान की ओर कूच किया। त्यागी ईंट भट्टे के पास सरकारी वाहन छोड़कर पुलिस टीम करीब 100 मीटर पैदल दबे पांव आगे बढ़ी।​पुलिस को देख मची भगदड़, 20 मीटर तक पीछा कर दबोचा: पुलिस जैसे ही मौके पर पहुंची, वहां करीब 10 लोग गोकशी करते हुए दिखाई दिए। पुलिस की आहट मिलते ही आरोपी घने कोहरे और ऊबड़-खाबड़ रास्तों का फायदा उठाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर मौके से करीब 20 मीटर की दूरी पर घेराबंदी कर शकील पुत्र सोमीन निवासी सिसोना (मुजफ्फरनगर) को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी की जामा तलाशी में एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन बरामद हुआ है।​

डॉक्टर ने की पुष्टि, मौके पर ही किया गया नष्टीकरण: पुलिस ने तत्काल पशु चिकित्सक डॉ. अमित पंवार को मौके पर बुलाया। डॉक्टर ने बरामद मांस के परीक्षण के बाद उसके गोमांस होने की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने बरामद करीब 500 किलो मांस, 02 सिर और 02 खालों को जेसीबी मंगवाकर पास के ही खेत में गहरा गड्ढा खोदकर दफन कर दिया। मौके से गोकशी में प्रयुक्त डिजिटल तराजू, तीन कुल्हाड़ी, चापड़, चार छुरियां, रस्सियां और भारी मात्रा में प्लास्टिक की पन्नियां बरामद की गईं।

​फरार आरोपियों का सामान और आधार कार्ड बरामद: मौके के निरीक्षण के दौरान पुलिस को फरार आरोपियों के कपड़े (जैकेट, स्वेटर, टी-शर्ट), जूते और एक कीमती एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन मिला है। एक जींस की जेब से तसलीम पुत्र याकूब निवासी मंगलौर का आधार कार्ड भी बरामद हुआ है। पुलिस फरार आरोपियों सोनू, शहजाद, तसलीम, मुनव्वर, खुशनसीब, सोनू पुत्र इकरार, इन्तयाज, अंजिम और सुभान की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध उत्तराखंड गउ संतान संरक्षण अधिनियम की धारा 3, 5 और 11 के तहत मुकदमा दर्ज कर शकील को जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *