अंग्रेजों की खंडहर इमारत में छिपाई थी चोरी की बाइक, दस वाहन बरामद, चोर गिरफ्तार

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस लगातार अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 8 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी सहित कुल 10 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 05 मार्च 2026 को शुभम कुमार पुत्र जहारू सिंह निवासी इमलीखेड़ा, थाना पिरान कलियर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी HF डीलक्स (UK17L-8320) मोटरसाइकिल 4 मार्च की शाम महाराजा फर्नीचर, ऊंचा पुल ज्वालापुर के पास से चोरी हो गई है। इस संबंध में कोतवाली ज्वालापुर में मुकदमा अपराध संख्या 238/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा ने उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों से पूछताछ की और लगातार चेकिंग अभियान चलाया।

09 मार्च 2026 को चेकिंग के दौरान नहर पटरी स्थित रेगुलेटर पुल के पास पुलिस ने दो संदिग्धों को चोरी की मोटरसाइकिल HF डीलक्स के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी की बात कबूल की।

गहन पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पुरानी कांवड़ पटरी के पास स्थित एक खंडहर से 8 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी बरामद कीं। आरोपियों ने बताया कि ये वाहन उन्होंने हरिद्वार और देहरादून के अलग-अलग इलाकों से चोरी किए थे और उन्हें नहर पटरी के पास खंडहर में छिपाकर रखते थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मोसिन पुत्र जान आलम और गुल्सान पुत्र बलीन, दोनों ग्राम गाडोवाली थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के निवासी हैं। पूछताछ में सामने आया कि मोसिन राजमिस्त्री का काम करता है, जबकि गुल्सान ई-रिक्शा मैकेनिक है। कम पढ़े-लिखे होने के बावजूद दोनों चोरी करने में माहिर बताए जा रहे हैं।

बरामद वाहनों में कई वाहन देहरादून के पटेलनगर, डोईवाला, नेहरू कॉलोनी और राजपुर थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित पाए गए हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी डीसीआरबी से जुटा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी और कर्मचारी:
प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, वरिष्ठ उप निरीक्षक खेमेन्द्र गंगवार, उप निरीक्षक अंशुल अग्रवाल, उप निरीक्षक मनीष भंडारी, उप निरीक्षक गंभीर तोमर, कांस्टेबल गणेश तोमर, रवि चौहान, कपिल गोला, आलोक नेगी, दिनेश कुमार, मनोज डोभाल और अंकुर चौधरी।

हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में वाहन चोरी जैसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *