हरिद्वार की सबसे पॉश नगर पालिका शिवालिक नगर में इस बार भ्रष्टाचार सबसे बड़ा मुद्दा बनकर उभरा है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर शिवालिक नगर में भ्रष्टाचार की चर्चा क्यों हो रही है और इसके पीछे के कारण क्या हैं। इस संबंध में अपने वरिष्ठ पत्रकारों से बात की और उनकी राय क्या है आप भी सुनिये।
क्या कहते हैं वरिष्ठ पत्रकार
वरिष्ठ पत्रकार रतनमणी डोभाल बताते हैं कि शिवालिक नगर पालिका में भ्रष्टाचार का मुद्दा चलने का सबसे बड़ा कारण है कि यहां की शिक्षित आबादी। अन्य नगर निकायों के मकाबले शिवालिक नगर पालिका में रहने वाली आबादी शिक्षित हैं और यहां धर्म और जाति के चुनावी मुद्दे नहीं है। दूसरा बड़ा कारण है शिवालिक नगर पालिका के निर्वतमान अध्यक्ष और भाजपा प्रत्याशी राजीव शर्मा की कार्य और जीवन शैली। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सीधे तौर पर कुंभ 2021 के कार्यों में धांधली, लाइट खरीद और सफाई कार्यों में खेल का आरोप लगाया है।
यही नहीं टेंडर प्रक्रिया में नियमों को ताक पर रखने के भी आरोप उन पर लगे हैं। ये भी गौर करने वाली बात है कि भाजपा के अंदर ही ये सवाल उठे हैं। हालांकि ये अलग बात कि इन सारे सवालों पर पार्टी और सरकार की तरह से चुप्पी साधी रही। अगर इनकी जांच होती तो शायद ये मुद्दा नहीं बन पाता लेकिन आरोपों पर कुछ नहीं हुआ और चुनाव में भ्रष्टाचार मुद्दा बन गया है। हालांकि ये भी देखना होगा कि राजीव शर्मा और भाजपा इस मसले से कैसे निपटते हैं।
वरिष्ठ पत्रकार आदेश त्यागी बताते हैं कि शिवालिक नगर पालिका के कार्यों पर जो आरोप लगे हैं उनकी जांच होनी चाहिए थी, क्योंकि आरोप गंभीर प्रकृति के थे। चूंकि इन पर कोई एक्शन नहीं हुआ और लोकतंत्र में चुनाव ही वो जरिया है जिसमें जनता आखिरी में फैसला करती है। इसलिए ना चाहते हुए भी भ्रष्टाचार यहां मुद्दा बना हुआ है। शिवालिक नगर पालिका में राजीव शर्मा के जिस घर की चर्चा आम है उसको लेकर भी तमाम सवाल उठे हैं। अब चाहे राजीव शर्मा ने ये अपनी मेहनत की कमाई से बनाई हो लेकिन जो आरोप लगे हैं उसके बाद इन पर सवाल उठना लाजिमी है। ये भी देखना होगा कि कांग्रेस या चुनाव लड़ रहे अन्य निर्दलीय प्रत्याशी इस मुद्दे को कैसे भुनाते हैं।
क्या कहते हैं भाजपा नेता
भाजपा के वरिष्ठ नेता उज्जवल पंडित ने बताया कि विपक्ष के पास कोई चुनावी मद्दा नही है। झूठे और बेबुनियाद आरोपों को लेकर विपक्ष चुनाव में कूदा है। लेकिन शिवालिक नगर की देवतुल्य जनता वोट की चोट से इनका जवाब देगी। पिछले छह साल में कांग्रेस या अन्य दलों ने कभी ये मुद्दा नहीं उठाया। सिर्फ राजनीतिक लाभ लेने के लिए जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
क्या कहते हैं कांग्रेस नेता
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज सैनी ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी राजीव शर्मा को अपनी आय के स्रोत बताने चाहिए। आम आदमी अंतरिख सिटी जैसी पॉश इलाके में छह हजार वर्ग फुट में मकान बनाने के बोर में सोच भी नहीं सकता। तीन चार करोड रुपए की तो सिर्फ जमीन ही है। राजीव शर्मा के क्रियाकलापों की जांच की जानी चाहिए। शिवालिक नगर पालिका में भ्रष्टाचार हुआ है ये हम लगातार बोल रहे हैं। लेकिन सरकार ने जांच नहीं की। लेकिन जनता इसका जवाब जरुर देगी।