हरिद्वार: महिला पुलिसकर्मी का ससुराल में उत्पीड़न, बेटी होने पर मिले ताने, पति सिंचाई विभाग में, मुकदमा दर्ज़

शादी में कार के लिए आठ लाख रुपये नकद देने का दावा, पति पर शराब पीकर मारपीट और भाई को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप

हरिद्वार। हरिद्वार में तैनात एक महिला पुलिसकर्मी ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता आरती यादव के अनुसार, शादी में उसके मायके पक्ष ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था। इसके अलावा कार खरीदने के लिए आठ लाख रुपये नकद भी दिए गए थे। इसके बावजूद पति और ससुराल पक्ष के लोग दिए गए दहेज से खुश नहीं थे और आए दिन छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद करते थे।

शिकायत के मुताबिक, आरती यादव का विवाह 29 नवंबर 2023 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांगलहेड़ी क्षेत्र के ग्राम चौरादेव निवासी प्रवेश यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। प्रवेश यादव सिंचाई विभाग में कार्यरत है, जबकि आरती पुलिस विभाग में सेवारत है। शादी के समय आरती की तैनाती कोटद्वार में थी। आरोप है कि ससुराल जाने पर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता था और उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।

आरती ने आरोप लगाया कि बेटी के जन्म के बाद भी ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। उसे बेटी को जन्म देने को लेकर ताने सुनने पड़े। पीड़िता के अनुसार, बच्ची के जन्म पर हुआ खर्च भी उसने स्वयं उठाया और पति ने बेटी के भरण-पोषण के लिए कोई खर्च नहीं दिया।

शिकायत में आगे बताया गया कि बेटी के जन्म के बाद छह महीने के अवकाश के दौरान ससुराल में रहने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोप है कि पति शराब का अत्यधिक सेवन करता है और नशे की हालत में उसके साथ मारपीट करता है। परिवार के लोगों ने कई बार दोनों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

पीड़िता के मुताबिक, परिवार बचाने और वैवाहिक जीवन को सामान्य बनाने के लिए उसने अपनी पोस्टिंग कोटद्वार से हरिद्वार कराई और रुड़की में किराये पर कमरा लेकर पति के साथ रहने लगी। इसके बावजूद पति के व्यवहार में बदलाव नहीं आया। आरोप है कि उसे कई बार कमरे से बाहर निकाल दिया गया। जब उसने अपनी सास और देवर को बुलाकर पति को समझाने के लिए कहा, तो उन्होंने भी कथित तौर पर उसका साथ देने के बजाय उसे बेटी के साथ गांव में रहने की सलाह दी।

आरती ने आरोप लगाया कि एक विवाद के दौरान पति ने उसे घर से निकाल दिया और धमकी दी कि रात 12 बजे के बाद उस पर ब्लेड से हमला कर देगा। शिकायत में गला दबाने का आरोप भी लगाया गया है। पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद उसने 112 पर कॉल कर मदद मांगी। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति ने उसकी ज्वैलरी बैग से निकालकर अपनी मां और भाई को दे दी। इसके अलावा, पति उस पर अपने भाई के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने और उसकी नौकरी छुड़वाने की धमकी देने का भी आरोप है।