अतीक साबरी:-पिरान कलियर।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा अपराधियों और अवैध नशे के कारोबारियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पिरान कलियर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी के कुशल नेतृत्व में गठित टीम ने क्षेत्र में गश्त के दौरान एक शातिर शराब तस्कर को भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए टीम को कड़े निर्देश दिए थे। इसी क्रम में बीते कल पुलिस टीम जब माजरी चौक इमलीखेड़ा के पास गश्त पर थी, तभी पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक अवैध शराब की तस्करी कर रहा है। पुलिस टीम ने बिना देरी किए घेराबंदी की और मौके से एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया। जब युवक के पास मौजूद सामान की तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम के भी होश उड़ गए। आरोपी के पास से 52 पैकेट फ्रूटीनुमा अवैध देशी शराब (माल्टा) बरामद की गई।
कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान समीर उर्फ राजा पुत्र समीम निवासी इमलीखेड़ा, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध धंधा फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सफलता प्राप्त करने वाली पुलिस टीम में मुख्य रूप से हेड कांस्टेबल संजय रावत और कांस्टेबल आबिद शामिल रहे।
