बहादराबाद में दुस्साहस: युवक की बेरहमी से हत्या, सिर कुचलकर खेत में फेंकी लाश

एनएसजी:-​बहादराबाद (हरिद्वार)।

थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अतमलपुर बौगला बाईपास के पास स्थित एक खेत में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। युवक के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार के गहरे निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला बेरहमी से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है।​

खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने देखा शव:-जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह जब ग्रामीण अपने खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर वहां पड़े एक शव पर पड़ी। लहूलुहान हालत में शव को देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और तत्काल इसकी सूचना बहादराबाद पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को अपने कब्जे में लिया और साक्ष्य जुटाने शुरू किए।​ मृतक की पहचान राजवीर निवासी बिजनौर के तौर पर हुई है जो सिडकुल की कंपनी में काम करता था।

हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस:-पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि आसपास के गांवों के लोगों से पूछताछ की जा रही है और लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की हर एंगल से तफ्तीश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, इस घटना से पूरे क्षेत्र में असुरक्षा और भय का माहौल बना हुआ है।