पिरान कलियर: भारतीय जनगणना 2027 हेतु हज हाउस में प्रगणकों का प्रशिक्षण शिविर शुरू चार्ज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि निर्वाचन ड्यूटी के अंतर्गत कुल 47 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। यह पूरी टीम नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत घर-घर जाकर डेटा जुटाने का काम करेगी। प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से इन कर्मचारियों को गणना की तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया जा रहा है।
प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और स्व-गणना पर रहेगा जोर:-प्रशिक्षण के दौरान कुलदीप सिंह चौहान ने स्पष्ट किया कि जनगणना के प्रथम चरण में मुख्य रूप से मकान सूचीकरण (HLB) और स्व-गणना से संबंधित जानकारी प्राप्त की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान नागरिकों द्वारा साझा की गई तमाम जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, इसलिए जनता बिना किसी हिचकिचाहट के सही विवरण दर्ज कराएं।
जनगणना अधिनियम 1948 के तहत सहयोग देना कानूनी रूप से अनिवार्य:-अधिशासी अधिकारी ने जनता को जागरूक करते हुए बताया कि जनगणना अधिनियम 1948 के प्रावधानों के अनुसार, प्रत्येक नागरिक के लिए जनगणना कार्य में सहयोग करना और मांगी गई जानकारी देना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है जिसमें हर व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है।
किसी भी दुविधा के लिए नगर पंचायत कार्यालय से करें संपर्क:-कुलदीप सिंह चौहान ने क्षेत्रीय जनता से अपील की है कि जनगणना कार्य के दौरान यदि किसी भी प्रकार की दुविधा या समस्या आती है, तो नागरिक सीधे नगर पंचायत कार्यालय पिरान कलियर में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मदद के लिए माननीय अध्यक्ष और सभासदों से भी तालमेल बिठाया जा सकता है।