चंद्रशेखर जोशी।
हरिद्वार के विभिन्न व्यापारी संगठनों ने पहली बार एक मंच पर आकर पुलिस के खिलाफ गिरफ्तारी देने का ऐलान कर दिया हैं। रविवार को शहर के सभी व्यापारी बाजार बंद कर नगर कोतवाली पर गिरफतारी देंगे। व्यापारी संगठन ये गिरफ्तारी व्यापारी नेताओं पर हाल ही में हुए मुकदमे के विरोध में करने जा रहे हैं।
शुक्रवार को शहर के सभी व्यापारी संगठनों की बैठक हरिद्वार में आयोजित की गई। इसमें व्यापारी नेताओं ने एक स्वर में पुलिस प्रशासन के खिलाफ एकजुट होने की वकालत की। साथ ही सभी व्यापारी संगठनों को एक मंच पर लाकर एक कमेटी बनाने पर आम सहमति बनी।
व्यापारी नेता संजीव नैयर ने कहा कि व्यापारियों के खिलाफ मुकदमे हो रहे हैं। अतिक्रमण के नाम पर प्रताडित किया जा रहा है। रविवार को सभी व्यापारी हरकी पैडी पर बाजार बंद कर जमा होंगे और यहां से नगर कोतवाली पहुंचकर गिरफ्तारी देंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों पर दर्ज हुए मुकदमे वापस लिए जाने चाहिए।
वहीं दूसरी ओर व्यापारी नेता संजीव चौधरी ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीडन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी व्यापारियों ने एक कमेटी बनाने पर सहमति दी है।
व्यापारी नेता विशाल गर्ग ने बताया कि व्यापारियों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। हम प्रशासन के खिलाफ नहीं हैं लेकिन प्रशासन अगर व्यापारियों का उत्पीडन करेगा तो इसे सहन नहीं किया जाएगा। हम दुकानें बंद रखने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत पुलिस और उत्तरी हरिद्वार के व्यापारियों में तनातनी हो गई थी। इसके बाद व्यापारियों ने रोड जाम कर दिया था। इस पर पुलिस ने भाजपा सांसद रमेख पोखरियाल निशंक के प्रतिनिधि संजय त्रिवाल सहित 40 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। इसी को लेकर प्रशासन के खिलाफ व्यापारी लामबंद हो गए हैं। वहीं पुलिस व्यापारियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
