1 1.jpg 1

इस कार्यक्रम से कांग्रेस करेगी लोकसभा चुनाव का आगाज, कईयों ने ठोंकी दावेदारी


चंद्रशेखर जोशी।
तीन राज्यों में मिली जीत के बाद कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। हरिद्वार लोकसभा सीट पर कांग्रेसियों ने लामबंदी शुरू करते हुए मुद्दों को भुनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पूर्व विधायक अंबरीष कुमार ने अपने समर्थकों के साथ प्रेस वार्ता कर जनवरी में एक बडे कार्यक्रम का ऐलान किया है। इसके जरिए हरिद्वार लोकसभा के एक बडे वोटबैंक को साधने का प्रयास किया जा रहा है।
20 जनवरी को हरिद्वार में दलितों की समस्याओं और उनके उत्थान के लिए दलित सम्मेलन करने का ऐलान किया गया है। इसका कोर्डिनेटर जिला पंचायत सदस्य रोशन लाल को बनाया गया है। इसके जरिए कांग्रेस का प्रयास है कि दलित वोटों को कांग्रेस के पाले में लाया जा जाए। प्रेस वार्ता करते हुए पूर्व विधायक अंबरीष कुमार ने कहा कि तीन राज्यों में मिली जीत से ये साफ हो गया है कि दलित, किसान, मजदूर और नौजवानों को झूठे सपने दिखाने वाली भाजपा का अंत शुरू हो गया है। लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को सबक सिखाने का काम दलित, किसान, मजदूर और देश का नौजवान करने जा रह हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान को खत्म करने पर तुली हुई और जाति व सम्प्रदाय पर आधारित राजनीति को बढावा देकर देश को बांटने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के इन प्रयासों को पूरा नहीं होने दिया जाएगा। बाबा भीम राव अंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए कांग्रेस के नेता हर कुर्बानी देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आरक्षण से आगे बढकर आज दलित समुदाय के लोगों को बराबरी का हक दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जाति आधारित व्यवस्था को खत्म करने और दलितों को उनका हक देने के लिए 20 जनवरी को दलित विमर्श के लिए दलित सम्मेलन किया जा रहा है। यही नहीं फरवरी में किसानों की समसयाओं को लेकर प्रदेश स्तर पर बडा आंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसान, मजदूर और दलितों के सपनों को तोडा है और उनके साथ धोखा किया है। दलितों का उत्पीडन हो रहा है और किसान रोजाना आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। प्रेस वार्ता में राव आफाक, सतपाल ब्रह्मचारी, मेयर पति अशोक शर्मा, इसरार सलमानी, अरविंद शर्मा, मुरली शर्मा, वरुण बालियान आदि शामिल रहे।

आपको बता दें कि पूर्व विधायक अंबरीष कुमार लोकसभा चुनाव लडने के इच्छुक हैं। इसके अलावा हरिद्वार से पूर्व सांसद हरीश रावत, दलित नेता एसपी सिंह इंजीनियर और किशोर उपाध्याय आदि का नाम चर्चा में हैं। हालांकि अभी सभी पार्टी हाईकमान से हरी झंडी मिलने की बात कर हरे हैं। लेकिन अंदर ही अंदर सभी ने तैयारियां शुरू कर दी है।

Share News